110 goats and goats missing from animal shelter, court orders police to return them.

110 बकरे और बकरियां एनिमल शेल्टर से गायब

नोएडा, 10 दिसम्बर (युआईटीवी/आईएएनएस)| नोएडा में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। पुलिस ने 2021 में एक वाहन चालक से वाहन में भर कर रखे गए 110 बकरे-बकरियों को पकड़ा था। पशु क्रुरता अधिनियम के तहत उसका चलाना किया गया था। उसके बाद पुलिस ने उन्हें सेक्टर 94 में बने एनिमल सेंटर में रखवा दिया था। पीड़ित ने कोर्ट में गुहार लगाई थी और केस की सुनवाई करने के बाद कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया कि पकड़े गए बकरा- बकरी को वापस कर दिया जाए। अब जब पुलिस एनिमल सेंटर पहुंची तो उसके मैनेजर ने बताया कि सभी बकरा-बकरी मर गए। इस बात को सुनकर पुलिस हैरान है और उसने मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

जिला न्यायालय ने पुलिस को उक्त बकरे-बकरियों को उनके मालिक को सुपुर्द करने के आदेश दिए हैं। दरअसल, नोएडा पुलिस ने जून 2021 में चेकिंग के दौरान बकरा-बकरियों से लदी एक पिकअप को पकड़ा था। इस गाड़ी में ठूंस ठूंसकर 110 बकरा और बकरियां भरे गए थे। पुलिस ने चालक संतोष निवासी ओरैया के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया था और बकरे-बकरियों को सेक्टर-94 एनिमल शेल्टर हाउस भेज दिया था। अब कोर्ट ने सेक्टर-20 पुलिस को सभी बकरा उसके मालिक को सुपुर्द करने के आदेश दिए हैं। इस पर जब पुलिस ने एनिमल शेल्टर हाउस में संपर्क किया तो उन्होंने बकरा लौटाने से मना कर दिया। शेल्टर हाउस के मैनेजर योगेंद्र का कहना है कि बकरे मर चुके हैं।

मैनेजर के बयान से पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस सूत्रों से पता चला है कि शेल्टर होम से उक्त बकरों को बेच दिया गया है। पीड़ित संतोष ने बकरों की देखभाल के लिए पशु आश्रय स्थल के मैनेजर को 94 हजार रुपए भी दिए थे। लेकिन बकरे न मिलने के बाद उसने कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट ने पुलिस को बकरे बरामद करने के आदेश दिए। पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस मामले में कोतवाली प्रभारी के लिए कोर्ट से आदेश आया था, उन्होंने जज के समक्ष पेश होकर मामले में की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी, पुलिस बकरे बरामद करने के लिए प्रयास कर रही है। कोर्ट का सख्त आदेश है कि संतोष को उसके बकरे लौटा दिए जाएं। बकरों की बरामदगी के लिए पुलिस ने शेल्टर होम के मैनेजर योगेंद्र के खिलाफ आईपीसी की धारा 406 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *