लखनऊ,15 सितंबर (युआईटीवी)- 17 सितंबर से पूरे उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भवः अभियान शुरू करने की तैयारी की जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अभियान को सफल बनाने के लिए 17 सितंबर से राज्य भर में अभियान शुरू करेंगे। इस अभियान को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्चुअली राष्ट्रीय स्तर पर लॉन्च किया।इस अभियान को पाँच भागों में बाँटा गया है। इसके अन्तर्गत सेवा पखवाड़ा का आयोजन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक किया जाएगा। आयुष्मान आपके द्वार 3.0 अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगा। इस दिन से आयुष्मान मेला भी शुरू किया जाएगा। आयुष्मान सभा का आयोजन 2 अक्टूबर से किया जाएगा। साथ ही आयुष्मान ग्राम पंचायत एवं आयुष्मान अर्बन वार्ड भी शुरू किया जाएगा।
सेवा पखवाड़ा जो 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। उसके अंतर्गत स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। इस स्वच्छता कार्यक्रम को प्राथमिक, माध्यमिक और तृतीयक स्वास्थ्य देखभाल स्तरों पर सभी सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं चलाया जाएगा।आयुष्मान भवः अभियान के तहत स्वैच्छिक रक्तदान की आवश्यकता पर लोगों को जागरूक किया जाएगा और स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही लोगों को अंगदान के बारे में जागरूक करते हुए मृत्यु के बाद अंग दान करने का दृढ़ संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना ( पीएमजेएवाई ) के तहत आयुष्मान आपके द्वार 3.0 की शुरुआत की जा रहे है। इसमें आयुष्मान कार्ड का भी वितरण किया जाएगा। ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी इससे वंचित न रहे। आयुष्मान आपके द्वार 1.0 अभियान 2021 में और आयुष्मान-आपके द्वार 2.0 अभियान 2022 में चलाया गया था ताकि अधिक-से-अधिक जरूरतमंद तक आयुष्मान कार्ड पहुँच सके और वे सब इससे लाभान्वित हो सके। इसके माध्यम से पंजीकरण का कार्य स्वयं करके कार्ड बनाया जा सकता है। कार्ड बनाने का कार्य कार्ड निर्माण एजेंसियो,उचित मूल्य की दुकानों (एफपीएस),सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों आदि का उपयोग करके किया जाएगा। घर-घर कार्ड डिलीवरी और ई-केवाईसी की सुविधा मिलेगी। डीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है,ताकि इस पूरे कार्यक्रम को सुगमता से सफल बनाया जा सके।
प्रत्येक शनिवार को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर स्वास्थ्य मेला का आयोजन और प्रत्येक रविवार को मेडिकल कॉलेज द्वारा सीएचसी पर साप्ताहिक मेला का आयोजन करने की बात की जा रही है। ताकि लोग अपने स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों और चिंताओं को व्यक्त कर सके और अपनी समस्या का समाधान पा सके।
आयुष्मान सभा की शुरुआत 2 अक्टूबर से होगी। जिसमें लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं के बारे में अवगत करवाया जाएगा। आयुष्मान सभा में आयुष्मान कार्ड का वितरण एवं प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसमें जो भी पात्र लाभार्थी हैं,उनकी सूचि होगी साथ ही जो-जो उपचार से लाभ प्राप्त किए हैं ,उनका भी सूचि तैयार कर उनकी जानकारी दी जाएगी। आयुष्मान ग्राम पंचायत व आयुष्मान अर्बन वार्ड्स का भी आयोजन किया जाएगा । यह वो दर्जा है जो मार्च 2024 तक विभिन्न मापदंडों को प्राप्त करने वाले ग्रामों व वार्ड्स को प्रदान किया जाना है।
