रोजगार

33 कंपनियाँ पूर्व सैनिकों को रोजगार देने के लिए आगे आईं

नई दिल्ली, 23 नवंबर – 33 कंपनियाँ पूर्व सैनिकों को रोजगार देने के लिए आगे आईं हैं। वैसे सैनिक जो रिटायरमेंट के बाद पुनः रोजगार चाहते हैं,उनके लिए रक्षा मंत्रालय के कल्याण विभाग ने एक विशेष प्रयास करते हुए एक मंच की प्रस्तुति की है। जिसके तहत नौकरी प्रदाताओं और रोजगार चाहने वाले पूर्व सैनिकों को एक साथ उस मंच पर लाया गया।

इस मामले में रक्षा मंत्रालय पुष्टि करते हुए बताया है कि इस रोजगार मेले में लगभग 33 कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाते हुए हिस्सा लिया है और कुल 1,326 रिक्तियों का उन्होंने अवसर दिया है। रोजगार पाने के लिए सेना, वायुसेना और नौसेना के लगभग 1,200 पूर्व सैनिकों ने पंजीकरण कराया है। यह आयोजन डूंडाहेड़ा सैन्य स्टेशन, गुरुग्राम में 23 नवंबर 2023 को किया गया।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हरियाणा, दिल्ली और आसपास के राज्यों के पूर्व सैनिकों ने इस आयोजन पर अच्छी और सकारात्मक प्रतिक्रिया दिखाई। आने वाले महीनों में दो और रोजगार मेले का आयोजन चंडीगढ़ और विशाखापत्तनम में किया जाएगा।

रक्षा मंत्रालय का कहना है कि जिन भूतपूर्व सैनिकों का चयन किया जाएगा,उन्हें विभिन्न लाभप्रद पदों पर नियोजित करने का निर्णय लिया गया है,जैसे-वरिष्ठ पर्यवेक्षकों, मध्य व वरिष्ठ स्तर के प्रबंधकों से लेकर रणनीतिक योजनाकारों और परियोजना निदेशकों के पद इत्यादि।

इस आयोजन के बारे में रक्षा मंत्रालय का मानना है कि यह रोजगार मेला पूर्व सैनिकों के लिए लाभप्रद तो है ही साथ ही इससे कॉरपोरेट को भी फायदा होगा। यह पूर्व सैनिकों और कॉरपोरेट्स को एक साथ लाने के लिए एक मंच प्रदान कर रहा है। जहाँ पूर्व सैनिक दिग्गज अपने सेवा काल के दौरान अर्जित अपने प्रशासनिक कौशल को और तकनीक को प्रदर्शित किया,तो वहीं कॉरपोरेट्स को प्रशिक्षित,अनुभवी और अनुशासित व्यक्तियों को नौकरी देने से फायदा मिला। कॉरपोरेट कंपनियों ने इस रोजगार मेले के दौरान विभिन्न उद्यमिता मॉडल भी प्रस्तुत किए।

यह रोजगार मेला पूर्व सैनिकों के लिए आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेजर जनरल शरद कपूर, डीजी (आर) थे। इस मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि मेजर जनरल शरद कपूर, डीजी (आर) ने किया। इस अवसर पर, दिल्ली कैंट के स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर आर.सी. कटोच और डीआरजेड (पश्चिम) के एडीजी, ब्रिगेडियर वी.के. झा भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *