मुंबई,6 दिसंबर (युआईटीवी)- 57 साल की उम्र में अभिनेता दिनेश फडनीस का मल्टीपल ऑर्गन फेलियर की वजह से मुंबई में निधन हो गया। वे मशहूर क्राइम शो ‘सीआईडी’ में फ्रेड्रिक्स की भूमिका निभाने के लिए जाने जाते थे। ‘सीआईडी’ भारत का सबसे लंबे समय तक चलने वाला मशहूर क्राइम शो है। दिनेश फडनीस ने 57 साल की उम्र में अचानक दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन के खबर से टीवी इंडस्ट्री और बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
सीआईडी फेम दिनेश फडनीस लीवर डैमेज की समस्या से जूझ रहे थे। उन्हें अस्पताल में 1 दिसंबर को भर्ती कराया गया था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मुंबई के मलाड इलाके के तुंगा अस्पताल में 57 वर्षीय अभिनेता को भर्ती कराया गया था। जहाँ उनका इलाज चल रहा था।
पूर्व में खबर आ रही थी कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है,जिसे अभिनेता दयानंद शेट्टी ने खारिज किया था। उनके निधन के बाद एक-दूसरे के बेहद करीब माने जाने वाले ‘सीआईडी’ के सभी कलाकार फडनीस के आवास पर हैं।
दौलत नगर श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
क्राइम शो ‘सीआईडी’ में 57 वर्षीय अभिनेता दिनेश फडनीस ने इंस्पेक्टर फ्रेडरिक्स का किरदार 20 सालों तक निभाया था। टेलीविजन पर ‘सीआईडी’ का प्रसारण 1998 में शुरू हुआ था। इस शो ने 2018 तक शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने उनके किरदार को कॉमिक टाइमिंग के लिए पसंद किया है।
मशहूर टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में दिनेश फडनीस कैमियो रोल में नजर आए थे। इसके आलावा उन्होंने आमिर खान की फिल्म ‘सरफरोश’ और ऋतिक रोशन की फिल्म ‘सुपर 30’ में भी काम किया था।
