कर्नाटक में मुस्लिम महिला से दोस्ती करने पर बजरंग दल कार्यकर्ता की पिटाई

चिक्कमगलुरु (कर्नाटक), 26 मई (युआईटीवी/आईएएनएस)| 30 लोगों के समूह ने शुक्रवार को चिक्कमगलुरु जिले में एक मुस्लिम युवती से दोस्ती करने पर बजरंग दल के एक कार्यकर्ता पर हमला कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पीड़ित की पहचान अजीत के रूप में हुई है। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना मुदिगेरे तालुक के बनकल पुलिस थाने की सीमा में हुई। समूह ने अजीत पर उस समय हमला किया, जब वह युवती के साथ जा रहा था। पुलिस ने कहा कि उसे सड़क पर घसीटा गया और हमला किया गया।

महिला ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। अजीत का मुदिगेरे के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार की कड़ी चेतावनी के बाद राज्य में यह दूसरी नैतिक पुलिसिंग की घटना है।

24 मई को चिक्काबल्लापुर जिले से नैतिक पुलिसिंग की एक और घटना सामने आई और पुलिस ने मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

गौरतलब है कि चिक्कमगलुरु सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील जिला है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में जिले की सभी पांच सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। चिक्कमगलुरु के रहने वाले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सी.टी. रवि को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *