महाराष्ट्र सीएम शिंदे ने परिवार समेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात

महाराष्ट्र सीएम शिंदे ने परिवार समेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की मुलाकात

नई दिल्ली, 22 जुलाई (युआईटीवी/आईएएनएस)- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को अपने परिवार समेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। शिंदे प्रधानमंत्री से मिलवाने के लिए अपने पिता संभाजी शिंदे, पत्नी लता शिंदे, बेटे श्रीकांत शिंदे (लोक सभा सांसद भी हैं), बहु रुषाली शिंदे और पोते रुद्राक्ष को अपने साथ ले गए थे।

प्रधानमंत्री मोदी से शिंदे की सपरिवार मुलाकात को एनडीए में उनके बढ़ते कद और भाजपा के साथ मजबूत होते रिश्तों की बानगी के तौर पर भी देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी से सपरिवार मुलाकात करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज उनके पिता सहित पूरे परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक सदिच्छा मुलाकात की है।

सदिच्छा मुलाकात होने के बावजूद प्रधानमंत्री ने उनके परिवार को काफी समय दिया, इसके लिए वे प्रधानमंत्री को धन्यवाद और आभार व्यक्त करना चाहते हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने आगे यह भी जोड़ा कि मुलाकात के दौरान उन्होंने राज्य में बारिश से पैदा हुए हालात और रायगढ़ में हुए हादसे के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी और साथ ही धारावी एवं मुंबई में अटके हुए अन्य प्रोजेक्ट्स और राज्य में चल रही विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी प्रधानमंत्री के साथ चर्चा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *