नई दिल्ली,8 सितंबर (युआईटीवी)- अमेरिकी उत्पादों पर जो भारत द्वारा अतिरिक्त शुल्क लगाया गया था उसमें से भारत ने 12 अमेरिकी उत्पादों से ये शुल्क हटा लिया है। भारत की राजधानी नई दिल्ली में 9-10 सितम्बर 2023 को जी-20 शिखर सम्मेलन होने वाली है। इस सम्मेलन में सम्मिलित होने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन भारत की राजधानी नई दिल्ली आने वाले हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन के यहाँ आने से पूर्व भारत ने अमेरिकी उत्पादों पर लगाए गए अतिरिक्त शुल्क हटा लिया है। यह अतिरिक्त शुल्क 2019 में लगाया था।
वर्ष 2019 में अमेरिका ने भारत के कुछ एल्युमीनियम और इस्पात उत्पादों पर शुल्क बढ़ाया था। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए भारत ने भी 2019 में अमेरिका के 28 उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगाकर करारा जवाब देने का सख्त कदम उठाया था। परन्तु जब आज अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने हेतु भारत की यात्रा पर आ रहे हैं तो भारत की ओर से 12 अमेरिकी उत्पादों जैसे सेब,चना,मसूर दाल,ताजे या सूखे बादाम,छिलका वाले अखरोट और छिलका वाले बादाम आदि पर लगे अतिरिक्त शुल्क को हटा लिया गया है। जिसकी अधिसूचना वित्त मंत्रालय द्वारा दी गई है।

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका यात्रा पर गए थे। विश्व व्यापार संगठन में दोनों देशों ने अपने छह मतभेदों को समाप्त करने का निर्णय लिया था। साथ ही प्रतिक्रिया स्वरुप अमेरिकी उत्पादों पर जो अतिरिक्त शुल्क लगाया गया था,उसे भी हटाने का निर्णय लिया गया था।
जो समझौता हुआ था उसके अनुसार भारत सेब पर 20 फीसदी,मसूर दाल पर 20 फीसदी,छिलके वाले बादाम पर 20 रुपए प्रति किलोग्राम,अखरोट पर 20 फीसदी,चना पर 10 फीसदी और सूखे बादाम पर सात रुपए प्रति किलोग्राम शुल्क हटाएगा।
अनुप्रिया पटेल जो भारत की वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री हैं,उन्होंने जुलाई में एक लिखित जवाब में राज्य सभा में कहा था कि अमेरिका के विरोध में जो अतिरिक्त शुल्क लगाया गया,उसे अगर हटा लिया जाता है,तो भी भारत को कोई हानि नहीं होगा।

