मुंबई,12 अक्टूबर(युआईटीवी)- राजनीति में शामिल होने के सवालों पर अक्षय कुमार ने तोड़ी अपनी चुप्पी है और अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि फिलहाल मैं अभी राजनीति में शामिल नहीं हो रहा हूँ।
इस समय अक्षय कुमार अपनी हालिया रिलीज़ फिल्म मिशन रानीगंज की वजह से सुर्ख़ियों में बने हुए हैं। इस फिल्म को टीनू सुरेश देसाई ने निर्देशित किया है। फिल्म के प्रचार के दौरान दिए गए साक्षात्कारों में,खिलाड़ी कुमार ने कई बातों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और खुलकर बात की है। जिसमें विमल पान मसाला में उनकी वापसी की पर आलोचनात्मक रिपोर्ट,राजनीति में शामिल होने जैसे सवाल शामिल था।
अक्षय कुमार ने कई सामाजिक फिल्मों में अभिनय किया है जैसे-पैडमैन,टॉयलेट: एक प्रेम कथा,ओएमजी और ओएमजी 2,मिशन मंगल इत्यादि। इस फिल्मों के माध्यम से उन्होंने भाजपा सरकार की परियोजनाओं को बढ़ावा देने पर भी अपनी चुप्पी तोड़ी है ।
अक्षय कुमार से हाल ही में इंडिया टुडे में एक साक्षात्कार के दौरान पूछा गया कि क्या वे राजनीति में हाथ आजमाने वाले हैं ? इसका जवाब देते हुए अभिनेता खिलाड़ी कुमार ने कहा कि ,”नहीं, मैं राजनीति में शामिल नहीं हो रहा हूँ। मुझे नहीं पता कि भविष्य में क्या होगा,लेकिन फिलहाल के लिए मैं इससे दूर हूँ। मैं ऐसी फिल्में कर रहा हूँ,क्योंकि मुझे लगता है कि ऐसी कहानी लोगों तक जाना जरूरी है। भगवान ने मुझे इस काबिल बनाया है कि जहाँ से मैं फिल्मों के माध्यम से लोगों को बता सकता हूँ,कि हमारे देश में क्या-क्या हुआ है। जैसे केसरी,सम्राट पृथ्वीराज सहित बाकी फिल्में।”
आगे उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार की परियोजनाओं को बढ़ावा देने वाली फिल्में बनाने के दर्शकों के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि “कई बार लोग कहते हैं कि मैंने टॉयलेट: एक प्रेम कथा फिल्म भाजपा के स्वच्छ भारत मिशन को बढ़ावा देने के लिए बनाया। मैंने मिशन मंगल भाजपा के मंगल मिशन परियोजना को बढ़ावा देने के लिए बनाया। ऐसा नहीं है, मैंने एयरलिफ्ट भी बनाई। ऐसा नहीं है कि जब मैंने एयरलिफ्ट बनाई थी, तब कांग्रेस पार्टी सत्ता में थी।”
उन्होंने आगे कहा कि,”मिशन रानीगंज भी कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान निर्धारित किया गया है। यह महानता और अच्छाई के बारे में है। सत्ता में कौन था या कौन है,ये मायने नहीं रखता है। मायने यह रखता है कि देश की भलाई के लिए क्या किया गया।”
पूर्व में भारत के विभिन्न फिल्म उद्योगों से कई अभिनेताओं ने जैसे जया बच्चन, राजेश खन्ना, किरण खेर, रवि किशन, हेमा मालिनी, कमल हासन इत्यादि ने मनोरंजन से राजनीति की ओर रुख किया। लेकिन अक्षय के दिए बयान से यह साफ हो गया है कि खिलाड़ी कुमार राजनीति में शामिल नहीं हो रहे हैं।
