महुआ मोइत्रा

महुआ मोइत्रा, कांग्रेस और सेना (यूबीटी) के नेताओं ने केंद्र पर मोबाइल फोन को निशाना बनाने का आरोप लगाया

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (युआईटीवी)- तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा समेत कई विपक्षी नेताओं ने केंद्र पर उनके मोबाइल फोन को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।

महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि, ” एप्पल के द्वारा मुझे चेतावनी देते हुए संदेश और ईमेल भेजा गया है। जिसमें बताया गया है कि मेरे मोबाइल फोन और ईमेल को हैक करने की कोशिश की जा रही है।”

शिवसेना सांसद प्रियंका चतुवेर्दिया को भी महुआ मोइत्रा ने टैग किया है और कहा है, ” एप्पल के द्वारा ऐसे चेतावनी भरे संदेश और ईमेल अब तक मुझे,प्रियंका चतुवेर्दी और अन्य तीन भारतीयों को मिल चुका है। ”

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में केंद्रीय मंत्रियों को टैग करते हुए कहा कि, “अश्विनी वैष्णव और राजीव चंद्रशेखर ,कृपया ध्यान दें।”

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा भी इस मामले में आगे आए हैं और केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए और एप्पल के द्वारा भेजे गए संदेश का स्क्रीनशॉट संलग्न करते हुए कहा कि, “प्रिय मोदी सरकार,आप ऐसा क्यों कर रहे हैं?”

एप्पल के द्वारा जो चेतावनी देते हुए संदेश और ईमेल भेजे गए हैं,उसमें लिखा है, “अलर्ट: आपके आईफोन को राज्य-प्रायोजित हमलावर निशाना बना सकते हैं। आप क्या करते हैं और आप कौन हैं, यह जानकारी प्राप्त कर आपको व्यक्तिगत रूप से ये हमलावर निशाना बना रहे हैं। किसी राज्य-प्रायोजित हमलावर ने यदि आपके उपकरण के साथ किसी-भी प्रकार की छेड़छाड़ की है, तो वे आपके संवेदनशील डेटा,संचार इत्यादि को हानि पहुँचा सकता है। ये हमलावर दूरस्थ रूप से आपके कैमरा और माइक्रोफ़ोन तक पहुँचने में सक्षम हो सकते हैं।”

एप्पल के द्वारा जो चेतावनी मेल भेजा गया है उसमें लिखा है, ” हालाँकि इसके गलत अलार्म होने की संभावना हो सकती है,लेकिन फिर भी कृपा कर इस चेतावनी को गंभीरता से लें।”

तृणमूल कांग्रेस सांसद मोइत्रा ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और वकील जय अनंत देहाद्राई के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय में संसद के सवालों के लिए कथित नकदी के मामले में मानहानि का मुक़दमा दायर किया है और मोबाइल फ़ोन हैक होने से संबंधित घटनाक्रम इस मुकदमे की सुनवाई से पहले आया है।

आचार समिति ने सांसद मोइत्रा को अपने सामने दो नवंबर को पेश होने के लिए कहा है।

आचार समिति ने सबसे पहले सांसद मोइत्रा को 31 अक्टूबर को पेश होने के लिए कहा था। पहले समन के बाद, सांसद मोइत्रा ने एक पत्र भेजकर आचार समिति के अध्यक्ष विनोद सोनकर को कहा था कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही वह पेश हो पाएँगी। उन्होंने कहा था कि 5 नवंबर तक वह आचार समिति समक्ष पेश नहीं हो पाएँगी। उसके बाद किसी भी तारीख को पेश होंगी।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा सांसद मोइत्रा पर लगाए गए आरोपों की जाँच आचार समिति कर रही है। सांसद मोइत्रा पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया है कि मोइत्रा ने लोकसभा में व्यवसायी गौतम अदाणी पर व्यवसायी हीरानंदानी के कहने पर सवाल पूछने के लिए नकद और लाभ लिया।

गुरुवार को सांसद मोइत्रा के खिलाफ पैनल को “मौखिक साक्ष्य” सांसद निशिकांत दुबे और वकील जय अनंत देहाद्राई ने दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *