प्याज

प्याज की कीमत ने फिर रुलाया,कोलकाता में प्याज की कीमत 100 रुपये प्रति किलोग्राम पहुँची

कोलकाता, 3 नवंबर (युआईटीवी)- कोलकाता में प्याज की कीमत 100 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुँच गई है। कई खुदरा बाजारों में प्याज 100 रुपये प्रति किलोग्राम के दर से बिक रहे हैं। जहाँ प्याज की न्यूनतम कीमत कोलकाता के खुदरा बाजारों में 80 रुपये प्रति किलोग्राम है,तो 100 रुपये प्रति किलोग्राम के दर से पॉश इलाकों के बाजारों में बेचा जा रहा है।

पश्चिम बंगाल सरकार ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को खुदरा बाजारों में नियंत्रण में रखने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया है। इनके सदस्यों ने आशंका जताते हुए कहा है कि आगामी त्योहारी सीजन के वजह से प्याज के मूल्यों में बढ़ोतरी देखने को मिल रहा है। प्याज की कीमत में बढ़ोतरी काली पूजा, दिवाली और भाई फोटा (भाई दूज) इत्यादि त्योहार के दौरान देखने को मिलेगा,उसके बाद कीमतें कम हो सकती हैं।

खुदरा बाजारों में कीमतों पर नियंत्रण के लिए टास्क फोर्स के सदस्यों ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। टास्क फोर्स के सदस्यों ने पुलिस के साथ विभिन्न खुदरा बाजारों का दौरा किया और विक्रेताओं से कहा कि उचित सीमा के भीतर प्याज की कीमत बनाए रखा जाए।

प्याज की कीमतें बढ़ने पर टास्क फोर्स के सदस्यों ने कहा कि प्याज की कीमतें आसमान छू रही हैं,इसका मुख्य कारण आंतरिक और बाहरी कारकों का संयोजन है।

इस मुद्दे पर टास्क फोर्स के एक सदस्य ने कहा कि, ” प्याज का उत्पादन पश्चिम बंगाल में सीमित है और हमें मुख्य रूप से महाराष्ट्र के नासिक पर प्याज के आपूर्ति के लिए निर्भर रहना पड़ता है।”

आगे उन्होंने कहा कि प्याज आपूर्तिकर्ता हड़ताल पर हैं,जिसके कारण भी प्याज की आपूर्ति प्रभावित हो रही है और कीमतों में उछाल आ रहा है। किसानों से सीधे प्याज की खरीदारी सहकारी समितियों के माध्यम से केंद्र सरकार कर रही है। केंद्र सरकार हमारे साथ पक्षपात भी कर रही है। क्योंकि दिल्ली में केंद्र सरकार प्याज 30 रुपये प्रति किलोग्राम पर बेच रही है। लेकिन पश्चिम बंगाल में 50 रुपये प्रति किलोग्राम पर बेच रही है।”

इन सब के बावजूद भी खुदरा बाजारों में प्याज की इतनी ऊँची कीमतों का पर बेचा जाने का एक और कारण बिचौलिए और जमाखोरों का होना है। क्योंकि बिचौलिए और जमाखोर कृत्रिम रूप से कीमत बढ़ा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *