मुंबई,17 नवंबर (युआईटीवी) – बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी फिल्म ‘टाइगर 3’ को मिली सफलता से खुश हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म में लोगों को मेरा अभिनय पसंद आ रहा है। इस फिल्म में मैंने सुपरस्टार सलमान खान के साथ अभिनय किया है। जिसकी लोग सराहना कर रहे हैं। अभिनेता इमरान हाशमी ने इस फिल्म में अपनी भूमिका के बारे में बताया कि उन्हें अवसर मिला कि वह एंटी-हीरो की भूमिका निभाए,जिसका मैंने भरपूर आनंद उठाया।
इमरान ने कहा, ” जिस प्रकार की सकारात्मक प्रतिक्रिया फिल्म ‘टाइगर 3’ को मिल रही है,उससे मैं बहुत रोमांचित महसूस कर रहा हूँ। लोगों ने मेरे प्रदर्शन पर प्यार लुटाया है। हमारी शुरुआत बहुत अच्छी है और मुझे उम्मीद है कि फिल्म दर्शकों का विश्व स्तर पर मनोरंजन करने में कामयाब होगी।”
उन्होंने कहा, ” सलमान खान,जो देश के सबसे बड़े एक्शन सुपरस्टार हैं,मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला और इससे बेहतर तो कुछ हो ही नहीं सकता है। मैंने इस फिल्म में एक एंटी-हीरो की भूमिका निभाई है और मुझे प्रसन्नता है कि हमारे प्रदर्शन को लोगों ने पसंद किया है। यह मेरे लिए बहुत बड़ी सम्मान की बात है। ”
12 नवंबर को रिलीज़ हुई यश राज फिल्म्स की ‘टाइगर 3’ ने सिर्फ 4 दिनों में 169.75 करोड़ की आश्चर्यजनक कमाई कर ली है।
उन्होंने आगे कहा, ” हमेशा से मैं चाहता था कि मैं लोगों का मनोरंजन अपनी पसंद के फिल्मों से करूँ और इस फिल्म में मैंने एंटी-हीरो की भूमिका निभाई है। इस भूमिका से मुझे ऐसे शेड्स तलाशने का मौका मिला, जिनमें मैंने पहले कभी कदम नहीं रखा था। मेरे खलनायक के किरदार को लोगों ने पसंद किया,इसके लिए मैं उनका आभारी हूँ। दर्शकों ने बॉक्स ऑफिस पर ‘टाइगर 3’ को सफल फिल्म बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है,जिसके लिए मैं उनका शुक्रगुजार हूँ।
फिल्म ‘टाइगर 3’ को मनीष शर्मा ने निर्देशित किया है और आदित्य चोपड़ा ने निर्मित किया है। फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में सफलतापूर्वक चल रही है।
