गाजा,20 नवंबर (युआईटीवी) – 7 अक्टूबर को इजरायल-हमास युद्ध के शुरू होने के पश्चात गाजा पट्टी में फिलीस्तीनियों की मौत का आँकड़ा 13 हजार के पार हो गई है। इस बात की जानकारी गाजा के सरकारी मीडिया कार्यालय ने दी है।
एक संवाददाता सम्मेलन में मीडिया कार्यालय के महानिदेशक इस्माइल अल-थवाब्ता ने कहा कि मरने वालों में बच्चे और महिलाएँ भी शामिल है। 5,500 बच्चे और 3,500 महिलाओं के मारे जाने की बात बताई जा रही है। जबकि इजराइल-हमास संघर्ष में 30,000 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
इजराइल-हमास संघर्ष में बहुत से लोग लापता भी हुए हैं। लापता लोगों की जानकारी देते हुए मीडिया कार्यालय के महानिदेशक इस्माइल अल-थवाब्ता ने कहा कि इस संघर्ष में 6,000 से अधिक लोग लापता हुए हैं। जिनमें 4,000 बच्चे और महिलाएँ भी शामिल हैं। लापता हुए लोग इजरायली हमलों से नष्ट हुई इमारतों के मलबे में दबे हुए हैं।
गाजा पर इज़राइल पिछले कुछ हफ्तों से हमले कर रहा है। इज़राइल यह हमला बदला लेने के इरादे से कर रहा है। क्योंकि दक्षिणी इज़राइल पर 7 अक्टूबर को हमास के आतंकवादियों ने अचानक हमला किया था। हमास के आतंकवादियों द्वारा किए गए इस हमले में 1,200 लोगों की हत्या कर दी गई थी और 200 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया था। इसके जवाब में इज़राइल भी गाजा पर हमला करना जारी रखे हुए है।
