सना,23 नवंबर (युआईटीवी)- इजराइल पर यमन के हौथी विद्रोहियों ने लंबी दूरी की मिसाइलों से हमला किया है। यमन के हौथी विद्रोहियों ने इस हमले के बारे में कहा कि हमने एक नए ऑपरेशन के तहत लंबी दूरी की मिसाइलें इजराइल की ओर दागीं है। यह मिसाइल हमला इजराइली हमलों का बदला लेने के लिए किया है। क्योंकि इजराइल द्वारा गाजा पट्टी के फिलिस्तीनी इलाके पर हमला किया गया है। जिसका बदला लेने के मकसद से यमन के हौथी विद्रोहियों ने यह मिसाइल हमला किया है।
हौथी-संचालित अल-मसीरा टीवी द्वारा प्रसारित एक बयान में मिलिशिया के प्रवक्ता येह्या सरिया ने कहा कि इलियट में मिसाइलों ने इजरायली इकाई के विभिन्न सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
उन्होंने कहा कि इजराइली हमला जो गाजा और वेस्ट बैंक में फिलिस्तीनी लोगों के खिलाफ किया जा रहा है,उसे बंद किया जाए। यदि यह आक्रामकता बंद नहीं की जाएगी तो हम यह हमला जारी रखेंगे और आने वाले समय में हमारी ओर से और अधिक सैन्य अभियान चलाया जाएगा।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल-हमास संघर्ष 7 अक्टूबर को शुरू हुआ। उसके बाद से यमनी हौथी विद्रोहियों ने दावा किया कि ये नौवां सीमा पार मिसाइल हमला है।
पिछले महीने अमेरिका ने घोषणा की थी कि उत्तरी लाल सागर में यमन से इज़राइल की ओर कई मिसाइल दागी गई थी,इन मिसाइलों को अमेरिका के नौसेना के एक जहाज ने रोका।
यमनी हौथी विद्रोहियों ने रविवार को एक इजराइली जहाज का अपहरण करने की घोषणा की। उनका कहना था कि लाल सागर में बाब-अल-मंडेब जलडमरूमध्य के पास से एक इजराइली जहाज का अपहरण कर,उसे होदेइदाह के बंदरगाह शहर में ले गए हैं।
इससे संबंधित एक वीडियो फुटेज भी हौथिस ने सोमवार को जारी किया। जिसमें दिखाया गया कि एक सैन्य हेलीकॉप्टर और नावों का इस्तेमाल कर जहाज का अपहरण किया जा रहा है।
यमनी गृह युद्ध 2014 के अंत में शुरू हुआ था। जिसके बाद राजधानी सना और लाल सागर बंदरगाह शहर होदेइदाह को हौथिस ने अपने नियंत्रण में कर लिया था। इसके आलावा हौथिस ने अपने नियंत्रण में उत्तरी यमन के अधिकांश हिस्से को भी रखा है।
