भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव

दबाव में आने के बाद टीम ने शानदार वापसी की : सूर्यकुमार यादव

विशाखापत्तनम,24 नवंबर (युआईटीवी)- सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में पहला अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया। जहाँ भारतीय टीम ने दो विकेट से जीत हासिल की। सूर्यकुमार यादव ने इस जीत के बाद ख़ुशी जताते हुए कहा कि दबाव में आने के बाद टीम ने शानदार वापसी की।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के मध्य पाँच मैचों की टी20 श्रृंखला खेला जाने वाला है। जिसका पहला मुकाबला विशाखापत्तनम में खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम का नेतृत्व सूर्यकुमार यादव ने किया। उन्होंने टीम इंडिया की कमान तो संभाली ही साथ ही टीम को जीत भी दिलाई। विशाखापट्टनम में खेले गए इस मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने विध्वंसक कप्तानी पारी खेली और 42 गेंद पर 80 रन बनाए। उनकी इस पारी ने भारत को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भारत के कप्तान के रूप में अपने पहले मैच में सूर्यकुमार ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश इंगलिस ने पहला टी20 शतक लगाते हुए 50 गेंदों में 110 रन बनाए और स्टीव स्मिथ ने अर्धशतक लगाते हुए 41 गेंदों में 52 रन बनाए। इन दोनों की महत्वपूर्ण पारियों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने 208/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया और टीम इंडिया को 209 रनों का लक्ष्य दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की ओर से सूर्यकुमार ने 80 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं ईशान किशन ने 58 रन 39 गेंदों में बनाए,तो रिंकू सिंह ने नाबाद 22 रन 14 गेंदों में बनाए। इस प्रारूप में भारत ने अब तक का अपना सर्वोच्च लक्ष्य पूरा किया।

जीतने के बाद अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ख़ुशी जताते हुए सूर्या ने कहा कि मैदान पर जिस प्रकार से लड़कों ने अपने प्रतिभा का प्रदर्शन किया,उससे बहुत खुश हूँ। ऑस्ट्रेलिया ने हमें 209 रनों लक्ष्य दिया था। हम दबाव में थे, लेकिन जिस तरह से सभी ने मैच में वापसी की, वह शानदार था।

16-20 ओवरों में जिस प्रकार से भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की वो भी शानदार रहा।ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को मुकेश कुमार ने अंतिम ओवर में जिस प्रकार से रोका वो काफी अहम रहा।

सूर्यकुमार ने नौ चौके और चार छक्के लगाते हुए मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने ईशान किशन के साथ 112 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *