जसप्रीत बुमराह

भारत ने दूसरे टेस्ट में 171 रन की बढ़त ली,जायसवाल ने लगाया दोहरा शतक,बुमराह ने लिए छह विकेट

विशाखापत्तनम, 3 फरवरी (युआईटीवी)- भारत ने दूसरे टेस्ट के दूसरी पारी में बिना कोई विकेट खोए पाँच ओवर में 28 रन बना लिए हैं और कुल बढ़त 171 रन की हो गयी है। शनिवार को दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की और 45 रन पर छह विकेट झटक कर इंग्लैंड की पहली पारी को 253 रन पर समेट कर 143 रन की महत्वपूर्ण बढ़त भारत को दिला दी और मैच पर अपनी पकड़ बना ली है।

रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई है। अपनी दूसरी पारी में भारत ने बिना कोई विकेट खोए पाँच ओवर में 28 रन बना लिए हैं और भारत की कुल बढ़त 171 रन की हो गयी है। कप्तान रोहित शर्मा स्टंप्स के समय 13 रन और यशस्वी जायसवाल 15 रन बनाकर क्रीज पर थे।

भारत की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने दोहरा शतक लगाते हुए मैच में अपना दबदबा बनाया,तो वहीं जसप्रीत बुमराह ने दूसरी पारी में घातक गेंदबाजी करते हुए इंग्लिश बल्लेबाज़ को टिकने नहीं दिया और छह विकेट झटके। कुलदीप ने तीन विकेट लिए और बुमराह का अच्छा साथ निभाया।

जैक क्रॉली ने इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत दी,लेकिन इसके बाद कोई भी बल्लेबाज़ क्रीज पर नहीं टिक सका। अधिकतर बल्लेबाज़ों को शुरुआत तो मिली,लेकिन वे इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। जैक क्रॉली ने 78 गेंदों में दो छक्कों और 11 चौकों की मदद से 76 रन बनाए। कप्तान बेन स्टोक्स ने 47 रन का योगदान दिया।

स्टोक्स को बुमराह ने अपने बेहतरीन गेंद पर बोल्ड कर भारत को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। इंग्लैंड का आखिरी विकेट जेम्स एंडरसन का भी बुमराह ने ही लिया। पहले टेस्ट के शतकधारी ओली पोप को बुमराह ने बोल्ड किया। इसके अलावा बुमराह ने जो रुट,जानी बेयरस्टो और टॉम हार्टली का विकेट भी हासिल किया ।

जब विकेट की जरूरत पड़ी कप्तान रोहित शर्मा ने मोर्चे पर बुमराह को लगाया और कप्तान को बुमराह ने निराश भी नहीं किया। बुमराह का अच्छा सहयोग देते हुए चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने 71 रन पर तीन विकेट लिए। ज़ैक क्रॉली का विकेट अक्षर पटेल ने झटका। अक्षर पटेल ने 24 रन देकर एक विकेट लिए। अनुभवी ऑफ स्पिनर अश्विन कोई विकेट नहीं ले पाए,उन्होंने 12 ओवर में 61 रन दिए।

यशस्वी जायसवाल
यशस्वी जायसवाल

इससे पहले सुबह सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 209 रन बनाते हुए अपना दोहरा शतक जमाया। पहले सत्र में पहली पारी में भारत ने 396 रन बनाए और सिर्फ चार रन से 400 तक पहुँचने से चूक गया।

जायसवाल ने अपने छठे टेस्ट मैच में सावधानी और आक्रामकता से खेलते हुए टीम के साथ उस समय खड़े रहे,जब दूसरे छोर से उनके टीम के साथी गिर रहे थे। 102वें ओवर में जायसवाल ने इंग्लैंड के स्पिनर शोएब बशीर की गेंद पर चौका और छक्का लगाकर टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाया। जायसवाल दोहरा शतक बनाने वाले तीसरे सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज बन गए।

जायसवाल को अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने आउट किया। जायसवाल आउट होने से पूर्व अभी तक के अपने करियर की अविश्वसनीय सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 290 गेंदों में सात छक्कों और 19 चौकों की मदद से 209 रन बनाए। लेकिन सिर्फ 32 रन पर भारत के आखिरी चार विकेट गिर गए। इंग्लैंड के ओर से तीन विकेट एंडरसन ने,तीन विकेट शोएब बशीर ने और तीन विकेट रेहान अहमद ने लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *