नई दिल्ली,15 फरवरी (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की घोषणा किया है। 75 हजार करोड़ रुपये का निवेश इस योजना पर सरकार करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत सतत विकास और लोगों की भलाई के लिए कर रहे हैं। इस परियोजना का लक्ष्य 1 करोड़ घरों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देकर रोशन करना है।
अपने एक्स अकाउंट से प्रधानमंत्री मोदी ने पोस्ट किया कि,लोगों के बैंक खातों में केंद्र सरकार द्वारा सीधे दी जाने वाली पर्याप्त सब्सिडी,भारी रियायती बैंक ऋण इत्यादि से सुनिश्चित करेगी कि लागत का कोई बोझ लोगों पर न पड़े। सहूलियतों को बढ़ाने के लिए एक राष्ट्रीय ऑनलाइन पोर्टल के साथ सभी हितधारकों को समेकित किया जाएगा।
रूफटॉप सौर प्रणालियों को शहरी स्थानीय निकायों और पंचायतों को अपने अधिकार क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा,ताकि जमीनी स्तर पर इस योजना को लोकप्रिय बनाया जा सके। इस योजना से लोगों के लिए रोजगार सृजन होगा तथा कम बिजली बिल और अधिक आय की संभावनाएँ विकसित होंगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सौर ऊर्जा और सतत प्रगति को बढ़ावा देने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मैं सभी आवासीय उपभोक्ताओं, ख़ास कर युवाओं से आग्रह करता हूँ कि वे pmuryagarh.gov.in पर आवेदन करके पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को मजबूत करें।
