मुंबई,15 अप्रैल (युआईटीवी)- इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 का 29वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 20 रनों से हरा दिया। रोहित शर्मा ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों में नाबाद 105 रनों की शतकीय पारी खेली। लेकिन उनका यह शतक टीम को जीत नहीं दिला सकी।
टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस ने क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया और चेन्नई सुपर किंग्स को बल्लेबाजी करने का आमंत्रण दिया। जिसका पूरा फायदा उठाते हुए सीएसके ने निर्धारित 20 ओवर में 206 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 186 रन ही बना सकी। रोहित शर्मा ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 61 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए 63 गेंदों में 5 छक्कों और 11 चौकों की मदद से नाबाद 105 रन बनाए। रोहित के अलावा किसी और बल्लेबाज ने कुछ खास नहीं किया। ईशान किशन ने 15 गेंदों में एक छक्का और 3 चौका लगाते हुए 23 रन बनाए और तिलक वर्मा ने 20 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 31 रन की पारी खेली। लेकिन यह पारी टीम की जीत के लिए पर्याप्त नहीं थी।
चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से रुतुराज गायकवाड़ ने 40 गेंदों में 5 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 69 रन बनाए,तो शिवम दुबे ने 2 छक्का और 10 चौका जड़ते हुए नाबाद 66 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। महेंद्र सिंह धोनी ने चार गेंदों में 20 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली,जिसमें उन्होंने 3 छक्के जड़े। मथीशा पथिराना ने 4 ओवरों में 28 रन देकर 4 विकेट लेकर मुंबई के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। तुषार देशपांडे और मुस्तफिजुर रहमान ने 1-1 विकेट लिया और मुंबई इंडियंस को सीएसके ने 20 ओवरों में 186/6 पर रोक दिया।
मुंबई इंडियंस को रोहित और इशान किशन ने शुरुआत अच्छी दी थी और शानदार साझेदारी पावर-प्ले में 63 रन तक पहुँचा दिया था। तुषार देशपांडे की दूसरी गेंद पर किशन ने चौका लगाया और उसके बाद तीसरे ओवर में शार्दुल ठाकुर की गेंद पर लगातार छक्का और चौका लगाया।
वहीं रोहित शर्मा अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखे हुए थे। उन्होंने तुषार देशपांडे,शार्दुल ठाकुर,रवींद्र जडेजा के गेंदों पर चौका और छक्का लगाए। तीसरे विकेट की साझेदारी के लिए तिलक वर्मा और रोहित शर्मा ने 60 रन जोड़े।
शार्दुल ठाकुर और तुषार देशपांडे ने डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी की,जिससे मुंबई को हार का सामना करना पड़ा।
हार्दिक पंड्या और टिम डेविड भी टीम के लिए कुछ ख़ास नहीं कर सके। हार्दिक पंड्या छह गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए,तो टिम डेविड छह गेंदों में केवल 13 रन ही बना सके।
एक छोर से रोहित तेजी से रन बनाना जारी रखे हुए थे,लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिल पाया। अंतिम ओवर में पथिराना की गेंद पर भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने लगातार बाउंड्री लगाई।
जब मुंबई को जीत के लिए 12 गेंदों पर 41 रनों की जरूरत थी,तब पथिराना ने रोमारियो शेफर्ड को एक रन पर बोल्ड कर दिया। हालाँकि,पावर प्ले में मुंबई इंडियंस ने सीएसके से अधिक रन बनाए। जहाँ सीएसके ने पावर प्ले में 48 रन बनाए थे,तो वहीं मुंबई इंडियंस ने 63 बनाए। इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी द्वारा हार्दिक पंड्या के आखिरी चार गेंदों में बनाए गए 20 रनों की पारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई क्योंकि सीएसके ने 20 रनों से ही मुंबई इंडियंस को शिकस्त दी।
