अमेठी,6 मई (युआईटीवी)- उत्तर प्रदेश के अमेठी में कांग्रेस कार्यालय पर कुछ अज्ञात बदमाशों ने रविवार आधी रात के आसपास हमला कर दिया। कांग्रेस कार्यालय के बाहर खड़े कई वाहनों में उपद्रवियों ने तोड़फोड़ की और हंगामा मचाया। एक के बाद एक करके करीब 12 गाड़ियों में उपद्रवियों ने तोड़फोड़ की। आम लोगों के वाहनों को भी उपद्रवियों ने निशाना बनाया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल घटना के बाद पार्टी कार्यालय पहुँचे ।
घटनास्थल पर गौरीगंज सीओ मयंक दिर्वेदी समेत भारी पुलिस बल पहुँची और प्रदर्शन कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को उन्होंने समझाने का प्रयास किया।
सीओ सिटी मयंक द्विवेदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया है कि मामले की जाँच की जाएगी और जो भी लोग इस घटना के लिए जिम्मेदार है,उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल को घटना स्थल पर तैनात कर दिया गया है।
इस बार अमेठी से चुनाव मैदान में गांधी परिवार का कोई सदस्य नहीं है। कांग्रेस ने अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है। वह गांधी परिवार के बेहद करीबी माने जाते हैं। जब सोनिया गांधी रायबरेली से सांसद थीं,तब किशोरी लाल शर्मा उनके सांसद प्रतिनिधि हुआ करते थे। किशोरी लाल शर्मा मूलत: पंजाब के रहने वाले हैं,1983 में वे पहली बार राजीव गांधी के साथ अमेठी पहुँचे थे।
पार्टी आला कमान ने किशोरी लाल शर्मा को मजबूती से चुनाव लड़ाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दी है। 20 मई को पाँचवें चरण में इस सीट पर वोटिंग होनी है।
इस घटना के लिए कांग्रेस ने भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है।
कई थानों की पुलिस एवं अधिकारी घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुँच गए। पुलिस मामले की जाँच करने में जुट गई है। इस मामले के जाँच कर रहे गौरीगंज सीओ मयंक दिर्वेदी ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है और पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है।
यूपी के अमेठी में स्मृति ईरानी और BJP के कार्यकर्ता बुरी तरह डरे हुए हैं।
सामने दिख रही हार से बौखलाए BJP के गुंडे लाठी-डंडों से लैस होकर अमेठी में कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहुंचे और वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की।
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और अमेठी के लोगों पर भी जानलेवा… pic.twitter.com/Knv7BBN8bk
— Congress (@INCIndia) May 5, 2024
अपने ट्विटर हैंडल पर यूपी कांग्रेस ने लिखा है कि,भाजपा हार के डर से बौखला गई है। भाजपाइयों ने अमेठी में प्रशासन की मौजूदगी में जिला कार्यालय के बाहर खड़ी दर्जनों गाड़ियों में तोड़फोड़ की। कार्यालय में उस समय जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल मौजूद थे। उपद्रवियों को जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल और कांग्रेसजनों ने मिलकर भगाया। हर बार की तरह पुलिस यह सब होते हुए देखती रही। पहले से ही भाजपा अपनी हार मान चुकी है और ऐसी नीच तथा ओछी हरकत कर रही है।
घटना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी केएल शर्मा ने मीडिया से बातचीत में इस घटना को निंदनीय बताया और कहा कि यदि पुलिस किसी पार्टी विशेष की ओर से काम करेगा,तो चुनाव आयोग से हम इसकी शिकायत करेंगे। चुनाव आयोग सबके लिए है।
पुलिस अधीक्षक अमेठी अनूप सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने दी थी। फोर्स के साथ एडिशनल एसपी को भी मौके पर भेजा गया था। इस मामले में आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से जा रही है। रात में ही इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।
