दिल्ली,22 मई (युआईटीवी)- हरियाणा की भाजपा सरकार पर आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव को देखते हुए दिल्ली को मिलने वाला यमुना नदी के पानी को हरियाणा की भाजपा सरकार ने रोक दिया है। इसे चुनावी साजिश बताते हुए दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि हरियाणा सरकार को दिल्ली सरकार इस विषय पर पत्र लिखेगी। यदि आवश्यकता पड़ी तो इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक लेकर जाएगी।
आतिशी के अनुसार,पिछले कुछ दिनों से कई जगह से पानी की शिकायतें आ रही हैं,खास तौर पर ऐसे इलाकों से पानी की शिकायतें आ रही हैं,जहाँ से पहले कभी कोई शिकायत नहीं आती थी। जाँच करने पर मालूम चला कि हरियाणा सरकार द्वारा यमुना का पानी रोका जा रहा है।
आतिशी ने बताया कि यमुना का स्तर वजीराबाद में सामान्य तौर पर 674 फीट होता है,जो अपने न्यूनतम स्तर 672 फीट तक चला जाता है। हरियाणा ने 11 मई से 21 मई तक लगातार दिल्ली का पानी रोका। यमुना में 11 मई को पानी का स्तर 671.6 फीट पर था। 671.6 फीट के स्तर पर यह तीन दिनों तक बना रहा। 14 और 15 मई को यह 671.9 फीट पर रहा। यह स्तर 16 मई को 671.3 फीट पर आ गया। यह जल स्तर 17, 18, 19 मई को और नीचे आ गया। पानी का जलस्तर यहाँ 21 मई को 671 फीट पर आ गया। फिर यह और घटकर 670.9 फीट पर रह गया।
आतिशी का कहना है कि शायद ऐसा पहली बार हुआ है कि यमुना का जल स्तर दिल्ली के वजीराबाद में इतना कम हो गया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में 25 मई को लोकसभा चुनाव होने वाले हैं,जिसे देखते हुए दिल्ली वालों को हरियाणा की भाजपा सरकार परेशान करने का षड्यंत्र रच रही है। साथ ही वह आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने दिल्ली के लोगों को सतर्क रहने के लिए कहती है। आगे उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को 25 मई तक लगातार ऐसी नई-नई साजिश कर परेशान कर दिल्ली के मतदाताओं को भ्रमित करने के लिए षड्यंत्र रचा जाएगा।
आतिशी ने कहा कि जितने भी वादे दिल्ली सरकार ने किए थे,उनसे अधिक कार्य उन्होंने कर के दिखाया है।