नई दिल्ली,15 जून (युआईटीवी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘जी7 शिखर सम्मेलन’ में भारत का दृष्टिकोण रखने और कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने के बाद शनिवार सुबह स्वदेश लौट आए हैं। प्रधानमंत्री ने इटली की एक दिवसीय यात्रा के दौरान वैश्विक नेताओं के साथ महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर वार्ता की और उन्होंने इस यात्रा को सफल बताया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि जी7 शिखर सम्मेलन दक्षिणी इटली के अपुलिया में आयोजित हुआ। यह काफी सफल दिन रहा। वैश्विक नेताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। हमलोगों का लक्ष्य वैश्विक समुदाय के लाभ के लिए एक जुट होकर प्रभावशाली समाधान तैयार करना है। ताकि भावी पीढ़ियों के लिए बेहतर दुनिया का निर्माण किया जा सके।
इटली के सरकार तथा वहाँ के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेहतरीन आतिथ्य के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यह एक महत्वपूर्ण जी7 शिखर सम्मेलन रहा,जहाँ मैंने वैश्विक मंच पर भारत के दृष्टिकोण को रखा। पीएम मोदी ने एक वीडियो भी अपने इस पोस्ट के साथ शेयर किया है। उनकी यात्रा की झलकियाँ इस वीडियो दिखाई दे रही है।
An important G7 Summit, where I presented India’s perspective at the world stage. Here are highlights. pic.twitter.com/amU77yJ79Z
— Narendra Modi (@narendramodi) June 15, 2024
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिणी इटली के अपुलिया में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए इटली की एक दिवसीय यात्रा पर गए,जहाँ उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की,ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक,फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों,इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी तथा जापान के प्रधानमंत्री फूमियो किशिदा से अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें भी कीं।
इसके बाद प्रधानमंत्री जी7 के आउटरीच सत्र में शामिल हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत कई वैश्विक नेताओं से उन्होंने आउटरीच सत्र के बाद बातचीत की। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस,यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान,तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब इरदुगान,ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा, जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला इत्यादि से भी बातचीत की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन का तो हिस्सा बने ही साथ शुक्रवार को वे दक्षिणी इटली के अपुलिया में जी-7 शिखर सम्मेलन के आउटरीच में पोप फ्रांसिस से मुलाकात कर उन्हें गले लगाकर उनका अभिवादन किया। पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली विदेश यात्रा की। वे पाँचवीं बार जी7 शिखर सम्मेलन का हिस्सा बने हैं।
