नई दिल्ली,4 जुलाई (युआईटीवी)- 8-10 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस और ऑस्ट्रिया की आधिकारिक यात्रा पर जाएँगे,जिसकी घोषणा विदेश मंत्रालय (एमईए) द्वारा गुरुवार को की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में सम्मिलित होने के लिए 8 जुलाई को मास्को पहुँचेंगे।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के मध्य के द्विपक्षीय संबंधों के अलग-अलग आयामों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन विचार-विमर्श करेंगे। आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी दोनों देशों के नेता अपने-अपने विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
पीएम मोदी लगभग पाँच वर्षों में पहली बार रूस की यात्रा पर जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2019 में रूस की यात्रा की थी। व्लादिवोस्तोक में पीएम मोदी एक आर्थिक सम्मेलन में शामिल हुए थे।
प्रधानमंत्री मोदी रूस की यात्रा समाप्त करने के बाद 9 जुलाई को ऑस्ट्रिया की यात्रा पर जाएँगे। ऑस्ट्रिया की यह यात्रा 41 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री द्वारा की जाने वाली पहली यात्रा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रिया की इस यात्रा के दौरान ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन तथा ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर से मुलाकात कर बातचीत करेंगे। भारत तथा ऑस्ट्रिया के बिजनेस लीडर्स और प्रमुख उद्योगपतियों को दोनों देशों के नेता संबोधित करेंगे।
विस्तृत जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय ने बताया कि मॉस्को तथा वियना में प्रधानमंत्री मोदी भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगे।
