आतंकी हमले में उत्तराखंड के 5 जवान हुए शहीद

जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आतंकी हमले में उत्तराखंड के 5 जवान हुए शहीद,सीएम धामी ने जताया शोक

देहरादून,9 जुलाई (युआईटीवी)- जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हुए आतंकी हमले में उत्तराखंड के 5 जवानों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी है। शहीद हुए जवानों में पौड़ी के 2,टिहरी के 2 तथा रुद्रप्रयाग के 1 जवान थे। इस आतंकी हमले में रुद्रप्रयाग जिले के कांडाखाल निवासी सूबेदार आनंद सिंह रावत,टिहरी जिले के जांबाज राइफलमैन आदेश नेगी,पौड़ी गढ़वाल जिले के राइफलमैन अनुज नेगी,पौड़ी जिले के हवलदार कमल सिंह तथा टिहरी गढ़वाल जिले के नायक विनोद सिंह शहीद हो गए। उत्तराखंड में इन जवानों की शहादत के बाद से शोक का माहौल है,साथ ही शहीदों के घरों में मातम छा गया है। आतंकवादियों के खिलाफ लोगों में भयानक आक्रोश है। इस घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक जताया है।

टिहरी जिले के जांबाज राइफलमैन आदेश नेगी ने 26 वर्ष की कम आयु में देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके पिता दलबीर सिंह नेगी गाँव में ही खेतीबाड़ी का काम करते हैं। राइफलमैन आदर्श नेगी राजकीय इंटर कॉलेज पिपलीधार से बारहवीं तक की पढ़ाई की। वर्ष 2019 में जब वे गढ़वाल विश्वविद्यालय से बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर थे,उस दौरान गढ़वाल राइफल्स में वे भर्ती हुए।उनकी शहादत पर स्थानीय विधायक विनोद कंडारी ने गर्व के साथ गहरा शोक जताया है।


8 जुलाई,सोमवार को जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में घात लगाकर बैठे आतंकियों ने सेना के जवानों पर हमला कर दिया था। जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) समेत 5 जवान इस आतंकी हमले में शहीद हो गए,जबकि 5 अन्य जवान घायल हुए। इस हमले में घायल हुए 5 जवानों को इलाज के लिए कठुआ के बिलावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। उन्हें बेहतर इलाज के लिए मिलिट्री हॉस्पिटल रेफर किया गया।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,सोमवार दोपहर को कठुआ के लोहाई मल्हार ब्लॉक के माछेड़ी इलाके के बडनोटा में सुरक्षा बल तलाशी ले रहे थे। घात लगाकर बैठे आतंकियों ने उन पर अचानक ग्रेनेड से हमला कर दिया। आतंकवादियों ने ग्रेनेड फेंकने के साथ ही फायरिंग भी किया। आतंकवादियों की खोजबीन जारी है।

इस आतंकी घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख जताया है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में आतंकवादियों के सेना के काफिले पर किए गए हमले में पाँच जवानों के शहीद होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस कायरतापूर्ण हमले की निंदा करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगतों की आत्मा को शांति दे तथा शोकाकुल परिजनों को शक्ति प्रदान करें कि वे इस असीम दुःख को सह सकें। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।

पाँच जवानों की शहादत पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताते हुए कहा कि बदनोटा, कठुआ (जम्मू-कश्मीर) में हमारे पाँच बहादुर भारतीय सेना के जवानों के आतंकवादी हमले में मारे जाने से मैं बहुत दुःखी हूँ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ,इस कठिन समय में राष्ट्र मजबूती से उनके साथ खड़ा है। आतंकवाद विरोधी अभियान जारी है और क्षेत्र में शांति और व्यवस्था कायम करने के लिए हमारे सैनिक दृढ़ संकल्पित हैं। जो भी सैनिक इस नृशंस आतंकवादी हमले में घायल हुए हैं,मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *