संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद

यूक्रेन में बच्चों के अस्पताल पर किए गए रूसी हमले मामले पर यूएन सुरक्षा परिषद की बैठक

संयुक्त राष्ट्र,9 जुलाई (युआईटीवी)- संयुक्त राष्ट्र,9 जुलाई (युआईटीवी)- यूक्रेन में सोमवार को रूस ने बच्चों के अस्पताल पर हमले किए,जिस पर आज,मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद एक बैठक करेगी। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस रुसी हमले की कड़ी निंदा की है।

सोमवार को यूक्रेन के सबसे बड़े बच्चों के स्वास्थ्य केंद्र पर रूसी हमला हुआ और उसी दिन देश के अन्य कई हिस्सों में रूस ने 40 मिसाइलों से हमले को अंजाम दिया।

सुरक्षा परिषद का इस महीने के लिए रूस अध्यक्ष है। तीन स्थायी सदस्य फ्रांस,ब्रिटेन तथा अमेरिका और अस्थायी सदस्य इक्वाडोर तथा स्लोवेनिया के अनुरोध पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई गई है,जिसकी अध्यक्षता रूस करेगा।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा कि नागरिकों और नागरिक संरचनाओं पर सीधे हमले करना अंतर्राष्ट्रीय मानवीय कानून के तहत प्रतिबंधित है। यदि इस प्रकार का कोई हमला किया जाता है,तो ऐसे हमले को स्वीकार नहीं किया जा सकता है। तुरंत इसे खत्म किया जाना चाहिए।

आगे उन्होंने कहा कि कीव में ओखमतदित राष्ट्रीय बाल विशेष अस्पताल पर तो रूसी मिसाइलों से हमला किया ही गया,साथ ही मिसाइलों से राजधानी में एक अन्य चिकित्सा सुविधा को भी निशाना बनाया गया।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा परिषद की बैठक में गुटेरेस का एक प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक,बच्चों के अस्पताल में किए गए रूसी हमले में दो बच्चों और एक डॉक्टर की मौत हो गई है। युद्ध के कई पीड़ित बच्चों का इस अस्पताल में इलाज किया जा रहा था।

सोमवार को देश भर में जो हमले किए गए,उसमें तकरीबन 40 लोगों की मौत हुई। रूस और चीन द्वारा वीटो किए जाने के कारण यूएन सुरक्षा परिषद यूक्रेन पर कार्रवाई करने में असमर्थ रही है। इस महीने रूस सुरक्षा परिषद का अध्यक्ष है,इसलिए जितने भी प्रयास इन हमलों पर कार्रवाई करने के लिए किए जा रहे हैं,वह सब विफल हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *