नई दिल्ली,31 अगस्त (युआईटीवी)- भारतीय वायु सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर द्वारा ले जाया जा रहा एक खराब हेलीकॉप्टर उत्तराखंड के केदारनाथ में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। केदारनाथ पैदल मार्ग के रामबाड़ा में यह हादासा घटित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि लिनचोली में मंदाकिनी नदी के पास निजी हेलीकॉप्टर आसमान से अचानक जमीन पर गिर गया। इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
बताया जा रहा है कि क्रिस्टल कंपनी का एक हेलीकॉप्टर केदारनाथ धाम में खराब हो गया था,जिसे ले जाने के लिए एमआई-17 हेलीकॉप्टर को बुलाया गया था। एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने जैसे ही उड़ान भरी तो उससे बँधा खराब हेलीकॉप्टर थोड़ी दूर पहुँचने के बाद आसमान से जमीन पर जा गिरा।
खराब हेलीकॉप्टर के जमीन पर गिरने के दौरान कोई भी उस जगह पर मौजूद नहीं था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार,खराब हेलीकॉप्टर ने अपना सुतंलन काफी ऊँचाई पर पहुँचने के बाद खो बैठा था। ये हादसा क्रिस्टल कंपनी के हेलीकॉप्टर को केदारनाथ से गौचर हैलीपैड ले जाते समय घटित हुआ था।
रुद्रप्रयाग के जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि एमआई-17 के संतुलन बिगड़ने के समय पायलट ने एक खाली जगह पर हेलिकॉप्टर को उतार दिया।
किसी भी तरह के कोई भी नुकसान इस हादसे में नहीं हुई है। इससे पहले केदारनाथ धाम में मई के महीने में एक बड़ा हादसा पायलट की सूझबूझ के वजह से टल गया था। केदारनाथ धाम के लिए उड़ान भरने वाले हेलीकॉप्टर के पालयट ने दुर्घटना से बचाव के लिए सुरक्षित आपातकाल (इमरजेंसी) लैंडिंग की थी। हेलीकॉप्टर के पायलट ने हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी होने पर धैर्य बनाए रखा और सुरक्षित लैंडिंग करा कर 6 लोगों की जान बचाई थी। हेलीकॉप्टर ने सेरसी से केदारनाथ धाम के लिए उड़ान भरी थी।
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवार ने इस हादसे को लेकर कहा था कि सुबह में हेलीकॉप्टर ने सेरसी से केदारनाथ के लिए उड़ान भरी थी। हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी होने के कारण केदारनाथ हेलीपैड से 100 मीटर पहले करनी पड़ी थी।
