बेरूत,30 सितंबर (युआईटीवी)- हिजबुल्लाह ने इजरायली हवाई हमलों में उसके मुख्य नेता सैयद हसन नसरल्लाह के अलावा उसके एक और वरिष्ठ नेता अली कराकी के मारे जाने की पुष्टि की है। बेरूत के दक्षिणी इलाकों में ये हवाई हमले किए गए थे। दक्षिणी मोर्चे के प्रमुख अली कराकी थे। हिज्बुल्लाह ने रविवार को एक बयान में कहा कि,दुश्मन के हवाई हमले में कराकी अपने कुछ जिहादी साथियों के साथ शहीद हो गए,जिसमें हिजबुल्लाह के महासचिव सैयद हसन नसरल्लाह की भी मौत हो गई।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के रिपोर्ट के मुताबिक,शुक्रवार शाम को बेरूत के दक्षिणी उपनगर दाहिया में इजराइली लड़ाकू विमानों ने हिजबुल्लाह के मुख्यालय को निशाना बना कर हमला किया। हिजबुल्लाह के महासचिव सैयद हसन नसरल्लाह तथा संगठन के कुछ अन्य कमांडर के इस हमले में मौत हो गई।
रविवार को इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने हिजबुल्लाह के सुरक्षा प्रमुख नबील कौक को एक हवाई हमले में मार दिए जाने का दावा करते हुए कहा कि उन्होंने शनिवार के एक हवाई हमले में हिजबुल्लाह के सुरक्षा प्रमुख नबील कौक को मार दिया है। इस हमले को कहाँ अंजाम दिया गया था,इसके बारे में उन्होंने कुछ भी नहीं बताया।
इजरायल डिफेंस फोर्सेज का कहना है कि नबील कौक हिजबुल्लाह के शीर्ष नेताओं में से एक थे। इजरायल और उसके नागरिकों के खिलाफ हाल ही में नबील कौक ने आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम दिया था।
नबील कौक को अमेरिका ने अक्टूबर 2020 में वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था। अमेरिका ने कहा कि जनवरी 2020 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए हिजबुल्लाह आतंकवादियों और ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर कासिम सुलेमानी के लिए हिज्बुल्लाह की ओर से कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था,जिसमें नबील कौक ने हिस्सा लिया था।
स्थानीय मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार,कई रिहायशी इमारतों को भी इन हमलों ने तहस-नहस कर दिया और कम-से-कम छह लोगों की इन हमलों में मौत हुई है,जबकि 91 अन्य लोग घायल हुए हैं। इलाके में इन हमलों के वजह से भारी तबाही हुई।
इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच जारी संघर्ष के बीच ये हमले ताजा घटनाक्रम हैं। 8 अक्टूबर 2023 से इसकी शुरुआत हुई थी,जब हिज्बुल्लाह ने इजरायल पर हमास के समर्थन में रॉकेट दागे थे। इजरायल ने इस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए दक्षिणी लेबनान में तोपखाने और हवाई हमले किए थे।
