बेरूत,17 अक्टूबर (युआईटीवी)- इजरायल के ओर से लेबनान में किए जा रहे हवाई हमले के चलते हालात और भी गंभीर हो गए हैं। बुधवार को लेबनान के नबातीह नगरपालिका भवन पर इजरायली सेना ने हमला किया, जिसमें मेयर अहमद काहिल सहित छह लोगों की मौत हो गई और 43 अन्य लोग इस हमले में घायल हो गए। यह हमला इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुआ है,जिसने लेबनान को लगातार इजरायली हमलों का निशाना बना रखा है।
लेबनान के चिकित्सा और सैन्य सूत्रों के मुताबिक, इजरायली सेना ने नगरपालिका और नगर निगम संघ की इमारतों पर हवा से जमीन पर मार करने वाली चार मिसाइलें दागीं। इस हमले के बाद नगर पालिका की इमारतें पूरी तरह से नष्ट हो गईं। मरने वालों में मेयर अहमद काहिल और नगरपालिका के कई सदस्य शामिल हैं, जबकि 43 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
इजरायली हवाई हमले के बाद लेबनान के नागरिक सुरक्षा दल, लेबनानी रेड क्रॉस और इस्लामिक हेल्थ अथॉरिटी ने बचाव कार्य शुरू किया। मलबे के नीचे दबे लोगों की तलाश और घायलों को निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है। लेकिन इमारतों को हुए व्यापक नुकसान के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं। कई लोग अब भी मलबे के नीचे फँसे हो सकते हैं, जिन्हें निकालने के लिए बचावकर्मी प्रयास कर रहे हैं।
इस हमले की लेबनान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने कड़ी निंदा की है। मिकाती ने कहा कि इजरायली सेना ने जानबूझकर उस बैठक को निशाना बनाया, जिसमें नगर पालिका परिषद शहर की सेवा और राहत योजनाओं पर चर्चा कर रही थी। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि इजरायल के इन अपराधों के खिलाफ चुप रहने की बजाय तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए।
लेबनान के विदेश मामलों और प्रवासियों के मंत्रालय ने भी इस हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक नई शिकायत दर्ज कराई है। मंत्रालय ने बताया कि 3-14 अक्टूबर के बीच लेबनान पर इजरायली हमलों को लेकर पहले भी शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन अब हालात और भी गंभीर होते जा रहे हैं।
बता दें कि 23 सितंबर से इजरायली सेना हिजबुल्लाह के साथ बढ़ते तनाव के चलते लेबनान पर लगातार हवाई हमले कर रही है। 8 अक्टूबर 2023 से इजरायली और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष ने और भी विकराल रूप ले लिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आँकड़ों के अनुसार,अब तक लेबनान पर हुए हवाई हमलों में 2,350 लोगों की मौत हो चुकी है और 10,906 लोग घायल हो चुके हैं। इस बीच, लेबनान में हालात बिगड़ते जा रहे हैं और नागरिकों की जानमाल की सुरक्षा एक गंभीर चुनौती बनी हुई है।
लेबनान और इजरायल के बीच यह बढ़ता हुआ संघर्ष न केवल दोनों देशों के लिए बल्कि पूरे मध्य पूर्व के लिए एक गंभीर संकट का कारण बन सकता है।
