राहुल गांधी ने हरियाणा चुनाव में 25 लाख वोटों की चोरी दावा (तस्वीर क्रेडिट@hemantrajora_)

हरियाणा चुनाव में धांधली का आरोप: राहुल गांधी बोले – ‘ऑपरेशन सरकार चोरी’ से कांग्रेस की जीत को हार में बदला गया

नई दिल्ली,5 नवंबर (युआईटीवी)- लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए दावा किया कि हरियाणा चुनाव में व्यापक स्तर पर वोट चोरी की गई है और कांग्रेस की भारी बहुमत वाली जीत को जानबूझकर हार में बदल दिया गया। राहुल गांधी ने कहा कि यह सब एक सुनियोजित “ऑपरेशन सरकार चोरी” के तहत किया गया,जिसमें कांग्रेस की जनमत आधारित जीत को भाजपा के पक्ष में मोड़ दिया गया।

राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा कि चुनाव के दौरान आए अधिकांश एग्जिट पोल्स और सर्वेक्षण कांग्रेस को निर्णायक बढ़त देते हुए दिखा रहे थे। उनके अनुसार,पोस्टल बैलेट के शुरुआती नतीजों में कांग्रेस को लगभग 73 सीटों पर बढ़त दिखाई दे रही थी,जबकि भाजपा महज 17 सीटों पर सिमटी नजर आ रही थी,लेकिन जब अंतिम परिणाम आए तो तस्वीर पूरी तरह बदल गई। राहुल ने कहा कि यह हरियाणा के चुनावी इतिहास में पहली बार हुआ है कि पोस्टल बैलेट का रुझान और अंतिम परिणाम एक-दूसरे के विपरीत निकले।

राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस को चुनाव में हाराने के लिए प्रशासनिक तंत्र और चुनाव आयोग दोनों का गलत इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा, “हरियाणा के लोगों ने कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया था,लेकिन सरकार बनाने के लिए नतीजों को पलट दिया गया। यह लोकतंत्र की हत्या है।” उन्होंने आगे कहा कि भाजपा को 55,48,800 वोट मिले,जबकि कांग्रेस को 54,30,602 वोट हासिल हुए। दोनों के बीच का अंतर मात्र 1,18,198 वोटों का रहा,जो 2 करोड़ वोटर्स वाले राज्य में बेहद मामूली है। राहुल के अनुसार,कांग्रेस को सिर्फ 22,779 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा,जो कि 8 सीटों के योग से निकलता है।

कांग्रेस नेता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक तस्वीर दिखाते हुए चौंकाने वाला दावा किया। उन्होंने कहा कि राय विधानसभा क्षेत्र के 10 बूथों में एक “ब्राजीली मॉडल” के नाम से 22 फर्जी वोट डाले गए। उन्होंने इसे “हरियाणा में 25 लाख वोट चोरी” का एक उदाहरण बताया। राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ एक बूथ का मामला नहीं है,बल्कि पूरे राज्य में इसी तरह की हेराफेरी की गई।

राहुल गांधी ने चुनावी आँकड़े पेश करते हुए दावा किया कि हरियाणा में 5,21,619 डुप्लीकेट वोटर, 93,174 अमान्य पते और 19,26,351 थोक वोटर बनाए गए। उन्होंने कहा कि फॉर्म 6 और फॉर्म 7 का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया और कई स्थानों पर नाम जोड़ने और हटाने में हेराफेरी की गई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिरकार यह सब किसके आदेश पर हुआ और चुनाव आयोग ने इस पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यह मामला सिर्फ कांग्रेस या हरियाणा तक सीमित नहीं है,बल्कि यह भारत के लोकतंत्र की नींव पर हमला है। उन्होंने कहा, “अगर लोगों के वोट चोरी होने लगें और नतीजे पहले से तय किए जाएँ,तो लोकतंत्र सिर्फ एक दिखावा बनकर रह जाएगा।” उन्होंने चुनाव आयोग से माँग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच कराई जाए और अगर वोट चोरी साबित होती है,तो चुनाव को रद्द कर फिर से कराया जाए।

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान युवा मतदाताओं से भी सीधी अपील की। उन्होंने कहा कि जेनरेशन जेड को इस साजिश को समझना चाहिए,क्योंकि यह उनके भविष्य से जुड़ा है। राहुल ने कहा, “यह सिर्फ कांग्रेस की हार नहीं है,बल्कि भारत के युवाओं के सपनों की चोरी है। यह आपका भविष्य है जो छीना जा रहा है। अगर आज आप नहीं जागे,तो आने वाले समय में आपकी आवाज भी छीन ली जाएगी।”

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई को सिर्फ राजनीतिक स्तर पर नहीं बल्कि संवैधानिक और कानूनी स्तर पर भी आगे बढ़ाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने से पीछे नहीं हटेगी। राहुल ने कहा, “हम लोकतंत्र की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। यह सिर्फ एक चुनाव नहीं,बल्कि देश की आत्मा की लड़ाई है।”

राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता बनाए रखने के लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग ‘लोकतंत्र के प्रहरी’ होने का दावा करते हैं,वही आज जनता के वोटों को चुरा रहे हैं। यह भारत के संविधान के साथ विश्वासघात है।”

कांग्रेस नेता ने अंत में कहा कि उनकी पार्टी हरियाणा की जनता के साथ खड़ी है और इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सच्चाई के साथ खड़े रहें और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने अधिकारों की रक्षा करें। राहुल गांधी ने कहा, “हम डरेंगे नहीं,झुकेंगे नहीं। सच्चाई की यह लड़ाई हम अंत तक लड़ेंगे।”

राहुल गांधी के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर जल्द ही एक जन आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है,जबकि भाजपा ने राहुल गांधी के आरोपों को “बेतुका और तथ्यहीन” बताते हुए खारिज कर दिया है,लेकिन एक बात तय है कि हरियाणा के चुनाव परिणाम अब केवल राजनीतिक बहस नहीं,बल्कि लोकतांत्रिक पारदर्शिता के सवाल में बदल गए हैं।