बुंदेलखंड के दौरे पर पहुंचे योगी, बंडई बांध परियोजना का किया लोकार्पण

झांसी, 9 मार्च (युआईटीवी/आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अपने दो दिवसीय बुंदेलखंड दौरे के दौरान पहले जालौन और फिर ललितपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ललितपुर की बंडई बांध परियोजना का लोकार्पण किया। कहा कि बुंदेलखंड के बीहड़ में आने से लोग डरते थे, आज हालात बदले हैं।

जनपद जालौन में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के यमुना नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्यो का स्थलीय निरीक्षण किया और समीक्षा बैठक कर अफसरों को निर्देश दिए। सात जनपदों से होकर गुजरने वाले 296 किलोमीटर लम्बे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तीव्र गति से हो रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता का हौसला बुंदेलखंड को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि ललितपुर खुशहाल जिलों में शुमार है। जब यहां विकास परियोजनाएं आएंगी तो यह खुशहाली और भी कई गुना बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने तय किया है कि 2022 तक हर परिवार एक-एक घर उपलब्ध कराएंगे। बिजली कनेक्शन देंगे और हर व्यक्ति का स्वास्थ्य बीमा होगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य पहले भी हो सकते थे। कांग्रेस ने देश में 55 वर्षों तक राज किया, लेकिन गरीब और गांव उसके एजेंडे में कभी नहीं रहे।

जालौन के कुठौंध ब्लॉक के लाड़पुर गांव में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करने के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार की नेक नीति और ²ढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम करने का जज्बा हो तो विकास का काम तेजी से आगे बढ़ सकता है। हम इस एक्सप्रेसवे का लगभग 50 फीसदी काम पूरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बीहड़ में जहां लोग आने से डरते थे, वहां आज हालात बदल रहे हैं और हम सब मिलकर विकास को आगे बढ़ाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड के विकास के लिए पिछली सरकारों की कभी सोच ही नहीं, सिर्फ यहां की सम्पदा का दोहन किया गया। उन्होंने अपने बुंदेलखंड दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वह जब भी यहां आए तो क्षेत्र की बदहाली देखने को मिली। इसे दूर करने के मकसद से प्रदेश सरकार ने अच्छी कार्ययोजना की शुरूआत कराई। आज बुंदेलखंड के विकास का सपना साकार हो रहा है और बेहतर से बेहतर तकनीकी का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के सहयोग से बुंदेलखंड में हर महत्वपूर्ण योजना पर काम किया जा रहा है। यहां की जनता ने भी भरपूर सहयोग किया है। अब यहां विकास के साथ ही रोजगार का सृजन होगा और औद्योगिक विकास को बढ़ाया जायेगा। लोक कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लाया जाएगा। इस मौके पर अधिकारियों ने प्रोजेक्टर पर एक्सप्रेस-वे के नक्शे के माध्यम से मुख्यमंत्री को परियोजना की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने परियोजना से जुड़े कार्यों में तेजी लाने को कहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि अब कोटे और दुकानें महिला स्वयं समूह चलाएंगी। बाल पुष्टाहार भी महिला स्वयं समूह के माध्यम से ही वितरित होगा। महिला स्वयं समूहों को आगे करके विकास की योजनाओं को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *