राजीव कुमार बने नए मुख्य चुनाव आयुक्त

नई दिल्ली, 12 मई (युआईटीवी/आईएएनएस)| चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को 15 मई से भारत का नया मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। बुधवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। कानून और न्याय मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, वह 15 मई को कार्यभार संभालेंगे, क्योंकि सुशील चंद्रा का कार्यकाल 14 मई को समाप्त हो रहा है।

सुशील चंद्रा के बाद तीन सदस्यीय चुनाव आयोग में राजीव कुमार सबसे वरिष्ठ चुनाव आयुक्त हैं।

“राष्ट्रपति सबसे वरिष्ठ चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को भारत के चुनाव आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त करते हुए प्रसन्न हैं। राजीव कुमार 15 मई, 2022 से भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त के पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे। 14 मई, 2022 को सुशील चंद्रा का कार्यकाल खत्म हो रहा है।”

1984 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव कुमार को सितंबर 2020 में चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया था।

वह फरवरी 2020 में वित्त सचिव के रूप में सेवानिवृत्त हुए। सरकार में अपने तीन दशक से अधिक के कार्यकाल के दौरान, उन्होंने केंद्र में विभिन्न मंत्रालयों और बिहार और झारखंड के अपने राज्य कैडर में काम किया।

वह अशोक लवासा के स्थान पर चुनाव आयुक्त के रूप में शामिल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *