विश्व चैंपियनशिप : मलेशियाई जोड़ी से हारे शटलर चिराग-सात्विकसाईराज, मिला कांस्य पदक

टोक्यो, 27 अगस्त (युआईटीवी/आईएएनएस)- भारतीय बैडमिंटन की पुरुष युगल जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी शनिवार को बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2022 के सेमीफाइनल में मलेशिया के वल्र्ड नंबर 6 आरोन चिया और सोह वूई यिक से 22-20, 18-21, 16-21 से हार गईं। इस हार के बाद भारतीय जोड़ी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। 2020 के टोक्यो ओलंपिक खेलों के कांस्य पदक विजेताओं के खिलाफ युवा जोड़ी की हार ने इस साल की चैंपियनशिप में भारत के अभियान को समाप्त कर दिया।

मलेशियाई जोड़ी का सामना रविवार को फाइनल में मोहम्मद अहसान और हेंड्रा सेतियावान की इंडोनेशियाई जोड़ी से होगा।

यह भारत का 13वां विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप पदक और पुरुष युगल में पहला पदक था।

दुनिया में सातवें स्थान पर काबिज चिराग और सात्विकसाईराज ने पहला गेम जीतने के लिए शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अपने मलेशियाई समकक्षों पर दबाव नहीं बना सके।

भारतीय जोड़ी पहले ब्रेक तक पहुंचने में पांच अंकों से आगे चल रही थी, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा, मलेशियाई जोड़ी का आत्मविश्वास बढ़ता गया।

दोनों जोड़ी तीसरे और निर्णायक गेम में शुरूआत में कड़ा संघर्ष कर रही थीं। मुकाबला 15-16 तक बराबरी पर था लेकिन इसके बाद भारतीय जोड़ी ने अगले छह अंकों में से पांच अंक गंवा दिया और 77 मिनट में मैच हार गए।

यह आरोन चिया और सोह वूई यिक की भारतीय जोड़ी के खिलाफ छठी जीत थी।

इससे पहले क्वार्टर फाइनल में चिराग और सात्विकसाईराज ने मौजूदा विश्व चैंपियन ताकुरो होकी और यूगो कोबायाशी को हराकर पदक पक्का किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *