नई दिल्ली,16 फरवरी (युआईटीवी)- अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स),रेवाड़ी,हरियाणा और गुरुग्राम मेट्रो रेल परियोजना की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शिलान्यास करेंगे। शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी हरियाणा के रेवाड़ी की दौरे पर जाने वाले हैं। इस दौरान वे 9,750 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य,रेल,शहरी परिवहन और पर्यटन क्षेत्र से संबंधित कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व आधारशिला रखेंगे।
गुरुग्राम मेट्रो रेल परियोजना की भी प्रधानमंत्री आधारशिला रखेंगे,इसके विकास की कुल लागत लगभग 5,450 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह परियोजना 28.5 किमी की कुल लंबाई वाली है,जो उद्योग विहार चरण -5 से मिलेनियम सिटी सेंटर को जोड़ेगी तथा साइबर सिटी के पास मौलसारी एवेन्यू स्टेशन पर रैपिड मेट्रो रेल गुरुग्राम के मौजूदा मेट्रो नेटवर्क में विलय कर देगी।
एक अधिकारी ने कहा कि,”नागरिकों को यह परियोजना विश्व स्तरीय पर्यावरण-अनुकूल व्यापक तीव्र शहरी परिवहन प्रणालियाँ प्रदान करने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।”
प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप,देश भर में सार्वजनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने के लिए लगभग 1,650 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स),रेवाड़ी, हरियाणा की आधारशिला रखी जा रही है।
रेवाड़ी के गाँव माजरा मुस्तिल भालखी में एम्स रेवाड़ी को 203 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा।
इसमें 100 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज,60 सीटों वाला नर्सिंग कॉलेज,720 बिस्तरों वाला अस्पताल परिसर,30 बिस्तरों वाला आयुष ब्लॉक,यूजी और पीजी छात्रों के लिए छात्रावास आवास,संकाय और कर्मचारियों के लिए आवासीय आवास,ऑडिटोरियम,नाइट शेल्टर,गेस्ट हाउस इत्यादि सुविधाएँ होंगी।
एक अधिकारी ने बताया कि,एम्स रेवाड़ी की स्थापना प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत किया जा रहा है,जो हरियाणा के लोगों को गुणवत्तापूर्ण,समग्र तृतीयक तथा व्यापक देखभाल स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करेगा।
एम्स रेवाड़ी में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में अधिकारी ने बताया कि,कार्डियोलॉजी,नेफ्रोलॉजी,गैस्ट्रो-एंटरोलॉजी,न्यूरोलॉजी,यूरोलॉजी,मेडिकल ऑन्कोलॉजी,न्यूरोसर्जरी,सर्जिकल ऑन्कोलॉजी,एंडोक्रिनोलॉजी,बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी सहित 17 सुपर स्पेशलिटी और 18 स्पेशलिटी में पेशेंट केयर सर्विस शामिल हैं।
संस्थान में आपातकालीन और ट्रॉमा यूनिट,आईसीयू,डायग्नोस्टिक लेबोरेटरीज,16 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर,फार्मेसी,ब्लड बैंक आदि की सुविधाएँ भी उपलब्ध होंगी।
नवनिर्मित अनुभव केंद्र ज्योतिसर,कुरूक्षेत्र का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री मोदी करेंगे।
लगभग 240 करोड़ रुपये की लागत से यह संग्रहालय बनाया गया है। 17 एकड़ में यह संग्रहालय फैला है,जिसमें 1,00,000 वर्ग फुट से अधिक इनडोर जगह शामिल है।
राष्ट्र को समर्पित करते हुए कई रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी प्रधानमंत्री रखेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी हरियाणा के रेवाड़ी की दौरे के दौरान भिवानी-डोभ भाली रेल लाइन (42.30 किमी),काठूवास-नारनौल रेल लाइन (24.12 किमी),रेवाडी-काठूवास रेल लाइन (27.73 किमी), मानहेरू-बवानी खेड़ा रेल लाइन (31.50 किमी) का दोहरीकरण परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
