पुणे,18 अक्टूबर (युआईटीवी)- विश्व कप 2023 में बांग्लादेश से मैच के पूर्व बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल-हसन के गुणों पर भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने कहा कि कोई भी टीम किसी मेगा इवेंट में बड़ी या छोटी नहीं है।
शाकिब अल-हसन के बारे में स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान क्रिकेटर विराट कोहली ने कहा कि,”उनके खिलाफ हाल के इन वर्षों में मैंने बहुत खेला है। वे बहुत अनुभवी और कुशल गेंदबाज तो हैं ही साथ ही उसके पास अद्भुत नियंत्रण भी है। नई गेंद से वे बहुत अच्छी गेंदबाजी करते हैं। वे बल्लेबाजों को चकमा देना जानते हैं और काफी किफायती भी है।”
” इन सभी गेंदबाजों के विरुद्ध आपको ध्यान से खेल कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ध्यान केंद्रित करना होगा। अगर आप इन गेंदबाजों के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करने में विफल हो गए तो ये गेंदबाज हम पर दबाव बनाने में सफल हो जाएँगे। जिससे बल्लेबाजों के आउट होने की संभावना बढ़ जाती है। विश्व कप जैसे बड़े और मेगा आयोजन में कोई भी टीमें बड़ी या छोटी नहीं है। कभी-भी कोई-भी टीम आपको अपने प्रदर्शन से हैरान कर सकती है। यदि आप अपना ध्यान सिर्फ बड़ी टीमों पर केंद्रित करेंगे,तो परेशानी जरूर होती है। ”
कोहली ने जो भी बात कही वह बिलकुल सही भी है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका को नीदरलैंड ने हराया,पिछले हफ्ते गत चैंपियन इंग्लैंड को अफगानिस्तान ने हराया। इन दोनों टीमों ने यह साबित कर दिखाया है कि किसी भी टीम को कम नहीं आँकना चाहिए।
इसी बीच विराट कोहली के विकेट की अहमियत पर बांग्लादेश के क्रिकेटर शाकिब अल-हसन ने बात की और उन्होंने कहा कि ” विराट कोहली एक बेहतरीन बल्लेबाज है, शायद आधुनिक युग के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। मैंने उन्हें पाँच बार आउट किया है,इसलिए मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूँ। जब भी कोई उनका विकेट लेता है तो बहुत खुश होता है और मैं भी उनमें से एक हूँ। जब भी उनका विकेट मुझे मिलता है,तो मैं बहुत खुश हो जाता हूँ।”
शाकिब अल-हसन की अहमियत के बारे में भारत के हरफनमौला (ऑल राउंडर) खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने कहा कि वह एक बुद्धिमान खिलाड़ी हैं। बांग्लादेश टीम को उन्होंने कई वर्षों तक अपने कंधों पर उठाया है।
