अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भारतीय-अमेरिकियों के साथ सोमवार शाम को व्हाइट हाउस में दीपावली मनाएँगे

वाशिंगटन,28 अक्टूबर (युआईटीवी)- अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भारतीय-अमेरिकियों के साथ सोमवार शाम व्हाइट हाउस में दीपावली का जश्न मनाएँगे। व्हाइट हाउस के मुताबिक,यह उनके राष्ट्रपति पद का अंतिम दीपावली उत्सव होगा, क्योंकि वह अगले चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे। यह अवसर अमेरिका और भारतीय-अमेरिकीयों के बीच बढ़ते संबंधों का प्रतीक बनेगा और भारतीय संस्कृति एवं विरासत का सम्मान करेगा।

इस साल भी,राष्ट्रपति पिछले साल की भांति व्हाइट हाउस के ब्लू रूम में दीप जलाएँगे और भारतीय-अमेरिकी मेहमानों के लिए स्वागत समारोह में भाषण देंगे। इस कार्यक्रम में नासा की प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री और रिटायर्ड नौसेना कैप्टन सुनीता विलियम्स का वीडियो संदेश भी शामिल होगा। उन्होंने यह संदेश अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से रिकॉर्ड किया है, जहाँ वह हाल ही में कमांडर के रूप में कार्यभार संभाल चुकी हैं।

सुनीता विलियम्स हिंदू धर्म का पालन करती हैं और पहले भी उन्होंने दीपावली की शुभकामनाएँ आईएसएस से भेज चुकी हैं। व्हाइट हाउस के मुताबिक, उन्होंने अंतरिक्ष में अपने साथ समोसे,उपनिषद तथा भगवद गीता जैसी भारतीय सांस्कृतिक वस्तुएँ भी ले जाईं हैं।

वाशिंगटन दक्षिण एशिया का संगीत एवं नृत्य भी इस कार्यक्रम में होगा,साथ ही मेहमानों के लिए मरीन कॉर्प्स बैंड द्वारा संगीत की प्रस्तुति की जाएगी।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने पिछले साल माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स पर दीपावली के अवसर पर एक वीडियो साझा किया था,जिसमें वह अपनी पत्नी के साथ व्हाइट हाउस में दीया जलाते हुए नजर आए थे। उस पोस्ट में उन्होंने लिखा था, “आज, जिल और मैंने दीपावली के दीए को जलाया,जो ज्ञान, प्रेम और एकता के प्रकाश का प्रतीक है,जो नफरत और विभाजन के अंधकार को दूर करता है। इस पर्व की भावना और हमारे देश की शक्ति का हमें हमेशा स्मरण रखना चाहिए।”

इस प्रकार से बाइडेन प्रशासन भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर मजबूत करेगा।