नई दिल्ली,29 अगस्त (युआईटीवी)- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर बुधवार को हरियाणा विधानसभा चुनावों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह बैठक 2 घंटे से भी अधिक समय तक चली और इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह,हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी,बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा,हरियाणा में पार्टी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर मौजूद रहे।
माना जा रहा है कि हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रणनीतियाँ तैयार करने को लेकर इस बैठक में चर्चा हुई होगी। बता दें कि कि लोकसभा चुनावों में बीजेपी का हरियाणा में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। इस बैठक में हरियाणा प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप के नेताओं के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उम्मीदवारों के नाम पर विचार मंथन कर रहे हैं।
आज (29 अगस्त, 2024) को हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की बड़ी बैठक दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर होगी। माना जा रहा है कि आज के इस बैठक में चुनाव के लिए पहली सूची के लिए राज्य की 90 सीटों में से आधी सीटों पर उम्मीदवारों के नाम के तय किए जा सकते हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में गुरुवार शाम को हरियाणा के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होनी है।
इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष,हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी,केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर,केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान,केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा से सांसद राव इंद्रजीत सिंह,हरियाणा के प्रदेश चुनाव सह-प्रभारी,त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब,हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली इत्यादि समेत प्रदेश से जुड़े कई अन्य अहम नेता भी मौजूद हैं।
गुरुवार सुबह को ही हरियाणा के प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर जेपी नड्डा के आवास पर चल रही बैठक से पहले हरियाणा भाजपा के नेताओं की बैठक हुई।
आपको बता दें कि सीटवाइज उम्मीदवारों के नामों पर जेपी नड्डा के आवास पर चल रही बैठक में चर्चा किया जाएगा और उसके आधार पर एक अंतिम पैनल तैयार किया जाएगा। आज शाम को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की होने वाली बैठक में उम्मीदवारों के नामों को अंतिम मंजूरी के लिए रखा जाएगा।
बता दें कि एक अक्टूबर को हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है। 4 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी। 3 नवंबर 2024 को हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने वाला है।
