मुंबई,14 दिसंबर (युआईटीवी)- बॉक्स-ऑफिस की असफलताओं पर अभिनेता अर्जुन कपूर ने खुल कर बात करते हुए कहा कि वह अपने कोशिशों और ईमानदारी को नियंत्रित तो कर सकते हैं,लेकिन बॉक्स ऑफिस को नियंत्रित करना संभव नहीं है।
अभिनेता अर्जुन कपूर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत फिल्म इश्कजादे से की। उसके बाद उन्होंने कई हिट फिल्में जैसे- ‘2 स्टेट्स’, ‘गुंडे’, ‘की एंड का’ दी हैं।
हाल ही में उनकी एक हिंदी भाषा की क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘द लेडी किलर’ आई थी। यह फिल्म 3 नवंबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। जिसमें उनके साथ भूमि पेडनेकर थी और इस फिल्म को अजय बहल ने निर्देशित किया था। यह फिल्म 45 करोड़ रुपये के भारी बजट पर बनाई गई थी। लेकिन बॉक्स-ऑफिस पर कुछ कमाई नहीं कर पाई।
बॉक्स ऑफिस की विफलताओं को कैसे पार किया,इस पर करण जौहर और अर्जुन कपूर ने करण जौहर के मशहूर चैट शो ‘कॉफी विद करण सीजन 8’ में चर्चा की।
करण जौहर ने इस पर बात करते हुए कहा कि, हमारे व्यक्तित्व का एक हिस्सा दिखाने वाला लोगों की धारणाएँ और इंस्टाग्राम हम सभी के पास है। यह कभी-कभी यथार्थ भी हो सकता है,तो कभी नहीं। लेकिन आज इस बढ़ते प्रतिस्पर्धा के समय में हम उद्योग की गतिशीलता,बॉक्स ऑफिस के दबाव इत्यादि का भी सामना कर रहे हैं।
करण जौहर ने पूछा,” फूबू, मैं आपसे जानना चाहता हूँ कि यदि बॉक्स ऑफिस आपसे दूर हो जाता है,तो आपके पास क्या रास्ता बच जाता है ? मैं हमेशा से चाहता हूँ कि आप उत्साहित रहे। आपके भीतर जो हास्य भावना है,उससे मुझे लगता है कि असफलता की स्थिति में और विपरीत परिस्थिति में आप खुद पर हँस सकते हैं। आप बताइए कि ऐसी परिस्थिति में आप कैसे निपटते हैं ?”
View this post on Instagram
अर्जुन कपूर ने इसके बारे में खुल कर बात की और कहा कि, ” करण, मेरे जीवन में बहुत सारी परेशानियाँ आई,जिसका मैंने मुकाबला किया है। आगे उन्होंने इससे पूर्व इस शो में आकर,काउच पर बैठकर कई बातों के बारे में बताने के बारे में कहा कि अपने जीवन के कई पहलुओं के बारे में मैंने पहले भी इस सोफे पर बैठकर बात की है।”
अर्जुन कपूर ने कहा कि, ” मैं अपनी पीढ़ी में पहला अभिनेता हूँ,जिसने धर्मा और साजिद नाडियाडवाला के साथ 100 करोड़ी फिल्म ‘2 स्टेट्स’ किया है। इसके अलावा ‘की एंड का’ जैसी बेहतर प्रदर्शन वाली फिल्म भी की है। जिससे मैंने ऊँचाई को देखी है। ‘की एंड का’ फिल्म में मैंने हाउस हसबैंड का किरदार निभाया था। मैंने कई लोगों के साथ काम किया और कई प्रकार का काम किया है। आगे उन्होंने अक्षय कुमार के बॉक्स-ऑफिस की असफलताओं का उदाहरण देते हुए कहा की एक समय ऐसा था,जब अक्षय कुमार ने इस पेशे को छोड़ने के बारे में सोच लिया था। मुझे लगता है कि उन्होंने 11-12 फ्लॉप फिल्में देखी हैं।”
आगे उन्होंने सैफ के फ़िल्मी करियर के बारे में कहा कि सैफ का फ़िल्मी करियर ‘दिल चाहता है’ से अलग मोड़ लिया। उससे पहले वे अलग ही राह पर थे। मेरे दर्शक मुझसे काम की वजह से जुड़े हैं और मुझे प्यार दिया है। तो मुझे भी उन्हें अच्छी फिल्म देना होगा,तभी वे मुझसे जुड़े रहेंगे और अलग नहीं होंगे।”
आगे उन्होंने कहा कि, दुर्भाग्य इस बात का है कि बॉक्स ऑफिस को आप नियंत्रित नहीं कर सकते, मैं अपने प्रयास और ईमानदारी को नियंत्रित कर सकता हूँ।
चैट शो कॉफी विद करण का प्रसारण डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर होता है।