अरविंद केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने सीएम आतिशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर दी प्रतिक्रिया,भाजपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

नई दिल्ली,14 जनवरी (युआईटीवी)- दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप नेता अरविंद केजरीवाल ने सीएम आतिशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव के दिन जैसे-जैसे करीब आते जा रहे हैं,आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है। इसी बीच,सीएम आतिशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने पर अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस पर निशाना साधा।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर केजरीवाल ने एक पोस्ट के जरिए इन दोनों पार्टियों को घेरते हुए उनकी नीतियों पर सवाल उठाए।

केजरीवाल ने कहा कि, “इनके नेता खुलेआम पैसा बाँटते हैं,साड़ी,कंबल,सोने की चैन और अन्य उपहार देते हैं,फर्जी वोटिंग करते हैं,लेकिन फिर भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती,लेकिन मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर दी जाती है।” केजरीवाल ने अपने इस बयान के जरिए भाजपा और कांग्रेस को घेरते हुए आरोप लगाया कि दोनों पार्टियाँ भ्रष्टाचार और अनैतिक कार्यों में लिप्त हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।

आगे उन्होंने कहा कि, “आम आदमी पार्टी (आप) पूरे सिस्टम के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। हम जनता के साथ मिलकर इस सड़े गले सिस्टम को बदलना चाहते हैं और इसे हमें मिलकर साफ करना है। भाजपा और कांग्रेस दोनों उसी भ्रष्ट और गंदे सिस्टम का हिस्सा हैं।” केजरीवाल ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में एक नया,स्वच्छ और पारदर्शी सिस्टम स्थापित करना चाहती है,जिससे फायदा यहाँ के आम आदमी को मिल सके और भ्रष्टाचार पर काबू पाया जा सके।

इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के नेता अमित मालविया के एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि, “राहुल गांधी पर मैंने एक लाइन बोली और इस पर भाजपा वालों के ओर से जवाब दिया जा रहा है। देखिए,भाजपा को इससे कितनी तकलीफ हो रही है।” इसके बाद,उन्होंने यह भी कहा कि शायद दिल्ली का यह चुनाव कांग्रेस और भाजपा के बीच वर्षों से पर्दे के पीछे चल रही साजिश को उजागर कर दे। उन्होंने दोनों पार्टियों पर आरोप लगाया कि पर्दे के पीछे दोनों पार्टियाँ एक-दूसरे के साथ जुगलबंदी कर रहे हैं,जिसका असर जनता पर पड़ता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन करने पर एफआईआर दर्ज की गई है। सीएम आतिशी पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी वाहन का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए किया,जो कि चुनाव आचार संहिता के खिलाफ है। इसी संदर्भ में गोविंद पुरी इलाके में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में चुनाव आयोग ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार 70 सीटों पर चुनाव होगा,जो 5 फरवरी को एक ही चरण में संपन्न होगा। इसके परिणाम की घोषणा 8 फरवरी को किए जायेंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली में कुल 1.55 करोड़ से अधिक मतदाता होंगे, जिसमें 83,49,645 पुरुष, 71,73,952 महिलाएँ और 1,261 थर्ड जेंडर शामिल हैं। यह चुनाव दिल्ली की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण हैं,क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में आम आदमी पार्टी ने राज्य की सत्ता में अपनी पकड़ मजबूत की है, जबकि भाजपा और कांग्रेस के बीच की प्रतिस्पर्धा भी तेज हुई है।

दिल्ली में इस चुनाव के दौरान आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और चुनाव प्रचार में अपनी-अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव आयोग भी इस दौरान आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर सतर्क है और किसी भी प्रकार के अनियमितताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की तैयारी में है।

इस चुनाव के परिणाम दिल्ली की राजनीति पर गहरा असर डालेंगे और यह तय करेंगे कि आगामी वर्षों में दिल्ली की सत्ता किसके हाथों में होगी।