ऑस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को हराया लेकिन उसे इंग्लैंड की हार का इंतजार करना होगा

एडिलेड, 4 नवम्बर (युआईटीवी/आईएएनएस)- प्लेयर आफ द मैच ग्लेन मैक्सवेल (नाबाद 54) के शानदार अर्धशतक से गत चैंपियन आस्ट्रेलिया ने अफगानिस्तान को बेहद रोमांचक सुपर 12 मुकाबले में शुक्रवार को मात्र चार रन से हरा दिया और सात अंकों के साथ ग्रुप एक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया लेकिन टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदों के लिए आस्ट्रेलिया को दुआ करनी होगी कि इंग्लैंड शनिवार को अपने आखिरी मुकाबले में श्रीलंका से हार जाए। आस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 168 रन बनाये जबकि अफगानिस्तान की टीम सात विकेट पर 164 रन पर ही पहुंच सकी। आस्ट्रेलिया की पांच मैचों में यह तीसरी जीत रही। दूसरी तरफ अफगानिस्तान को पांच मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा।

न्यूजीलैंड इस ग्रुप से सेमीफाइनल में जा चुका है। इस ग्रुप से सेमीफाइनल की दूसरी टीम के लिए आस्ट्रेलिया को उम्मीद करनी होगी कि इंग्लैंड शनिवार को श्रीलंका से हार जाए। इंग्लैंड के जीतने की स्थिति में मामला नेट रन रेट पर आ जाएगा जहां इंग्लैंड प्लस में और आस्ट्रेलिया माइनस की स्थिति में है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान एक समय दो विकेट पर 99 रन बनाकर सुखद स्थिति में था लेकिन इसके बाद उसने 103 रन तक अपने छह विकेट गंवा दिया। इसके बाद आलराउंडर राशिद खान ने मोर्चा संभाला और कुछ बॉउंड्री लगाई जिससे आस्ट्रेलिया के लिए परेशानी खड़ी हो गई और अफगानिस्तान आखिरी तक मैच में बना रहा। 19वें ओवर में दरवीश रसूली के रन आउट होने के बाद, आस्ट्रेलिया अंतिम ओवर में 22 का बचाव करने में सक्षम था और अफगानिस्तान मात्र चार रन से स्कोर से दूर रह गया। राशिद ने 23 गेंदों पर नाबाद 48 रन में तीन चौके और चार छक्के लगाए।

मैच समाप्त होने के बाद राशिद अपने सिर पर हाथ रख कर पवेलियन की तरफ वापस जा रहे थे। उन्हें पता है कि इस लड़ाई में वह जीत के काफी करीब आ गए थे। हालांकि जिस तरीके से अफगानिस्तान की टीम ने आज के मैच में प्रदर्शन किया है, उसकी तारीफ तो करनी होगी।

प्लेयर ऑफ द मैच मैक्सवेल ने कहा, “अफगानिस्तान ने आज अच्छा खेल दिखाया। उनके खिलाड़ियों ने कुछ अच्छे शॉट्स भी लगाए। पावरप्ले में उनकी शुरूआत भी अच्छी थी। हालांकि उसके बाद हमारी टीम ने बढ़िया गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण से मैच पर अपनी पकड़ ले ली। (नेट रन रेट के बारे में) हम इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच होने वाले मैच को फॉलो करेंगे। हम खुद ही इस पॉजि़शन पर आए हैं। शायद श्रीलंका हमारे लिए कुछ अच्छा कर दे।”

मैक्सवेल (नाबाद 54) की शानदार पारी की बदौलत आस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में अफगानिस्तान के खिलाफ 168/8 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। बैटिंग लाइन-अप में जहां कप्तान आरोन फिंच और फिनिशर टिम डेविड हैमस्ट्रिंग की चोटों के कारण बाहर थे। वहीं, मैक्सवेल ने 168.75 के स्ट्राइक रेट से 32 गेंदों में छह चौके और दो छक्के लगाए और मिशेल मार्श (30 गेंदों में 45 रन) से कुछ समर्थन मिला।

लेकिन आस्ट्रेलिया के कुल योग का मतलब यह भी था कि न्यूजीलैंड सेमीफाइनल के लिए आधिकारिक तौर पर क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई। अब ग्रुप 1 से सेमीफाइनल के लिए केवल एक स्थान बचा है और आस्ट्रेलिया को इंग्लैंड के रन रेट से आगे निकलने के लिए अफगानिस्तान को 106 पर आलआउट करने की जरूरत थी। लेकिन अफगानिस्तान ने ऐसा नहीं होने दिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरे डेविड वार्नर ने पहले दो ओवरों में चार चौकों के साथ शानदार शुरूआत की। कैमरून ग्रीन के सस्ते में आउट होने के बावजूद वॉर्नर और मार्श बड़े स्कोर हासिल करने के लिए वास्तव में अच्छा खेल रहे थे।

लेकिन वार्नर को नवीन-उल-हक ने बोल्ड कर दिया और स्टीव स्मिथ भी पावरप्ले के अंतिम ओवर में एलबीडब्ल्यू हो गए। मार्श ने अच्छी बल्लेबाजी की और नौवें ओवर में गुलबदीन नायब की गेंद पर एक छक्का और दो चौके लगाए। लेकिन वह अपने अर्धशतक में पांच रन से चूक गए और मुजीब उर रहमान की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों कैच आउट हो गए।

मैक्सवेल ने 10.4 ओवर में 86/4 पर मुश्किल से टीम को निकाला और पांचवें विकेट के लिए मार्कस स्टोइनिस (21 गेंदों में 25 रन) के साथ 29 गेंदों पर 53 रन की साझेदारी की। दोनों ने बाउंड्री के जरिए तेजी से अपने रन बनाए और आस्ट्रेलिया को बड़ा स्कोर बनाने में मदद की।

हालांकि अफगानिस्तान ने स्टोइनिस, स्टैंड-इन कप्तान मैथ्यू वेड, पैट कमिंस और केन रिचर्डसन को जल्दी-जल्दी आउट कर दिया, मैक्सवेल ने सुनिश्चित किया कि उनके 29 गेंदों में अर्धशतक से आस्ट्रेलिया 160 रन के पार पहुंच जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *