मेलबर्न, 17 जनवरी (युआईटीवी/आईएएनएस)- आर्यना सबालेंका, कैरोलिन गार्सिया और कैरोलिना प्लिसकोवा ने वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है।
24 वर्षीय सबालेंका ने चेक गणराज्य की टेरेजा माटिंर्कोवा को मंगलवार को एकतरफा अंदाज में मात्र 69 मिनट में 6-1, 6-4 से हरा दिया। गार्सिया ने कनाडा की क्वालीफायर कैथरीन सेबोव को 6-3, 6-0 से पीट दिया।
आसानी से पहले राउंड का मैच जीतने के बाद सबालेंका और गार्सिया का दूसरे राउंड में चुनौतीपूर्ण मैच होगा। सबालेंका का अपसेट विशेषज्ञ अमेरिका की शेल्बी रोजर्स से मुकाबला होगा जबकि गार्सिया का सामना 2021 की यूएस ओपन फाइनलिस्ट लेलाह फर्नांडीज से होगा।
विश्व की पूर्व नंबर एक चेक गणराज्य की कैरोलिना प्लिसकोवा ने चीन की वांग जियु को 6-1, 6-3 से हरा दिया।

आंद्रेई रुब्लेव ने डोमिनिक थिएम को वर्ष के पहले ग्रैंड स्लेम ऑस्ट्रेलियन ओपन में मंगलवार को पहले दौर में हरा दिया और उनके खिलाफ लगातार पांचवां मुकाबला जीता।
रुब्लेव ने थिएम के खिलाफ 6-3, 6-4, 6-2 से जीत हासिल की। थिएम ने 2021 से ऑस्ट्रेलियन ओपन में अच्छी शुरूआत की थी लेकिन पहले दो सेट के देर से हासिल ब्रेक ने इस बार उनकी अच्छी शुरूआत नहीं होने दी। रुब्लेव ने तीसरे सेट में शुरूआत से लेकर अंत तक अपना दबदबा बनाये रखा।
रुब्लेव ने यह मैच दो घंटे 10 मिनट में समाप्त किया। उन्होंने मैच में 33 विनर्स लगाए। थिएम 2020 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचे थे और इस साल उन्हें वाइल्ड कार्ड मिला था।
