नई दिल्ली,30 नवंबर (युआईटीवी)- भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और उनके सहयोगी स्टाफ गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे,बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ और क्षेत्ररक्षण कोच टी दिलीप के अनुबंध में विस्तार की घोषणा बुधवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने किया।
राहुल द्रविड़ का अनुबंध आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के पश्चात समाप्त हो गया था। 2021 में टी20 विश्व कप के बाद राहुल द्रविड़ ने रवि शास्त्री की जगह दो साल के कार्यकाल के लिए कोच का कार्यभार संभाला था। लेकिन अब राहुल द्रविड़ के साथ बीसीसीआई ने चर्चा कर इस अनुबंध को बढ़ा दिया है।
भारतीय टीम एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय विश्व कप में उपविजेता रही और टीम की लय को बरकरार रखने के लिए बीसीसीआई ने राहुल द्रविड़ और उनके सहयोगी स्टाफ के अनुबंध को बढ़ाने का फैसला किया है। विश्व कप का फाइनल मैच 19 नवंबर को अहमदाबाद में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया,जहाँ ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हराकर खिताब को अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने 10 जीत दर्ज कर अंक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया था।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने विज्ञप्ति जारी कर राहुल द्रविड़ और उनके सहयोगी स्टाफ के अनुबंध को बढ़ाने का ऐलान किया है। लेकिन इस विज्ञप्ति में राहुल द्रविड़ के कार्यकाल के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
बोर्ड ने एक बयान में कहा कि, ” बीसीसीआई टीम इंडिया (सीनियर पुरुष) के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और उनके सहयोगी स्टाफ के अनुबंध के विस्तार की घोषणा करता है। इसमें कहा गया विश्व कप के बाद द्रविड़ का कार्यकाल पूरा होने पर बोर्ड ने द्रविड़ से बातचीत की और सर्वसम्मति से उनका कार्यकाल बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा कि बोर्ड राहुल द्रविड़ का पूरा समर्थन करेगा ताकि भारतीय टीम आईसीसी ट्रॉफी जीतने में कामयाब हो। पिछले एक दशक से भारतीय टीम ने कोई भी आईसीसी का खिताब नहीं जीता है।
राहुल द्रविड़ ने टीम इंडिया के मुख्य कोच का पदभार दो साल तक सफलता पूर्वक संभाला। द्रविड़ ने इस सफल कार्यकाल के बाद कहा कि, ” टीम इंडिया के साथ बिताए गए ये दो साल शानदार रहे। इस दौरान हमने कई उतार-चढ़ाव देखे और हम सबने एक दूसरे का पूरा साथ दिया। हमने जो संस्कृति ड्रेसिंग रूम में स्थापित की है,उस पर वास्तव में मुझे बहुत गर्व है।
बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने कहा कि, ” टीम इंडिया की सफलता में राहुल द्रविड़ का दृढ़ प्रयास और उनकी दूरदर्शिता महत्वपूर्ण स्तंभ रहे हैं। राहुल द्रविड़ ने भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के रूप में सभी चुनौतियों को स्वीकार कर टीम को आगे बढ़ाया,जिसके लिए उनकी जितनी भी प्रशंसा की जाए वह कम है। साथ ही उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की बहुत प्रसन्नता है कि राहुल द्रविड़ ने मुख्य कोच बने रहने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया।
इस अनुबंध के विस्तार के साथ द्रविड़ और उनके सहयोगी स्टाफ के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत हो रही है। दूसरे कार्यकाल के दौरान वे सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका का दौरा करने वाले हैं। जहाँ सभी प्रारूपों का मैच खेला जाने वाला है। इसमें तीन टी20,तीन एकदिवसीय और दो टेस्ट मैच शामिल है। ये दौरा 10 दिसंबर से 7 जनवरी तक का है।
उसके बाद भारतीय टीम जनवरी में तीन टी20 मैच अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगी। अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैचों के बाद पाँच टेस्ट मैच इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी और उसके बाद 2024 पुरुष टी20 विश्व कप के खेलेगी। जो वेस्टइंडीज और यूएसए में आयोजित किया जा रहा है।
