प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा

भाजपा सीईसी की बैठक हुई समाप्त,पीएम मोदी का सीएए को लेकर हुआ अभिनंदन, इन राज्यों पर चर्चा हुई

नई दिल्ली,12 मार्च (युआईटीवी)- भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई थी,लोकसभा उम्मीदवारों की दूसरी सूची पर विचार विमर्श करने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी,जो सोमवार रात को समाप्त हो गई। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लागू करने के लिए केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में अभिनंदन भी किया गया।

केंद्रीय चुनाव समिति की दूसरी बैठक भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में भाजपा मुख्यालय में हुई,यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित हुई। जिसमें कई राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के लोकसभा उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई। इन राज्यों में महाराष्ट्र,हिमाचल प्रदेश,कर्नाटक,गुजरात,मध्य प्रदेश,बिहार,तेलंगाना इत्यादि भी शामिल है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक,मंगलवार को भाजपा अपने लोकसभा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर सकती है। लोकसभा उम्मीदवारों की दूसरी सूची में 125 से अधिक उम्मीदवारों के नाम होने की संभावना है।

केंद्रीय चुनाव समिति की हुई बैठक के बाद कर्नाटक के सभी 28 लोकसभा सीटों के उम्मीदवारों के बारे में कर्नाटक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राज्य की सभी 28 लोकसभा सीटों पर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में चर्चा किया गया।

जेडी-एस के साथ गठबंधन को लेकर जब येदियुरप्पा से सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इस पर जवाब देते हुए कहा कि गठबंधन को लेकर आज की बैठक में कोई भी चर्चा नहीं हुई है,सिर्फ भाजपा के उम्मीदवारों को लेकर चर्चा हुई है। हालाँकि,उन्होंने आगे अपनी बातों में जोड़ते हुए कहा कि 3 सीटें जेडी-एस को देनी है,लेकिन कौन-कौन सी सीटें उन्हें देनी है,इस पर अभी पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

सोमवार को सीईसी की बैठक भाजपा मुख्यालय में हुई,जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा,केंद्रीय मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, कर्नाटक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा,महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस,के.लक्ष्मण,इकबाल सिंह लालपुरा इत्यादि सहित केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्य भी शामिल हुए।

राज्यवार नेताओं को केंद्रीय चुनाव समिति ने बुलाकर इन राज्यों के उम्मीदवारों को लेकर अलग-अलग चर्चा की गई। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल,मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव,प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा,बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी समेत उन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष,चुनाव प्रभारी,सह चुनाव प्रभारी,प्रदेश संगठन महासचिव और अन्य अहम नेता शामिल हुए,जिन राज्यों के उम्मीदवारों के नामों पर आज विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *