अरविंद केजरीवाल

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अंतरिम जमानत और 7 दिन बढ़ाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में दायर की याचिका

नई दिल्ली,27 मई (युआईटीवी)- दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट से मिली अंतरिम जमानत खत्म होने वाली है। सीएम केजरीवाल को शराब घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग जाँच के सिलसिले में सुप्रीम कोर्ट ने 1 जून तक अंतरिम जमानत दी है। 2 जून को उन्हें सरेंडर करना है।

सुप्रीम कोर्ट में अरविंद केजरीवाल ने आत्मसमर्पण से पहले अपनी अंतरिम बेल को सात दिन तक और बढ़ाने के लिए एक नई याचिका दायर की है। अरविंद केजरीवाल की तरफ से सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका में कहा गया कि केजरीवाल का कीटोन लेवल काफी बढ़ गया है। पीईटी-सीटी स्कैन समेत कुछ और मेडिकल जाँच कराने के लिए अरविंद केजरीवाल ने अंतरिम जमानत को सात दिन और बढ़ाने की माँग की।

ईडी ने शराब घोटाला मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। उन्होंने 50 से अधिक दिन तिहाड़ जेल में बिताए। आम आदमी पार्टी के अनुसार,केजरीवाल की तबीयत गिरफ्तारी के बाद से बिगड़ गई है।

पार्टी का कहना है कि गिरफ्तार होने के बाद केजरीवाल के वजन में 7 किलो की गिरावट आई थी,जिसकी वजह से उनका कीटोन लेवल काफी बढ़ गया है। कीटोन लेवल में वृद्धि होना काफी गंभीर मेडिकल डिसऑर्डर की ओर संकेत करता है।

पार्टी ने आगे कहा है कि सीएम अरविंद केजरीवाल को पीईटी-सीटी स्कैन और कई अन्य परीक्षणों के लिए 7 दिन का समय चाहिए।

सीएम केजरीवाल की एक याचिका पर 17 मई को सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था, इस याचिका में उन्होंने एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग एजेंसी द्वारा शराब घोटाला मामले में उनकी गिरफ्तारी और उसके बाद रिमांड को चुनौती दी थी।

पिछले हफ्ते दिल्ली की एक अदालत में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक आवेदन दायर कर ‘आप’ सुप्रीमो की न्यायिक हिरासत को दो जून को सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम जमानत आदेश की समाप्ति पर 14 दिनों के लिए बढ़ाने की माँग की थी।

केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव प्रचार करने के लिए अंतरिम जमानत दी थी। कोर्ट से सीएम केजरीवाल ने 5 जून तक के लिए अंतरिम जमानत की माँग की थी। कोर्ट ने कुछ शर्तों के तहत उन्हें अंतरिम जमानत दी थी। जिसमें वे मुख्यमंत्री कार्यालय नहीं जा सकते थे। अरविंद केजरीवाल को 2 जून को सरेंडर करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *