रेवंत रेड्डी (तस्वीर क्रेडिट revanth_anumula X)

तेलंगाना के मुख्यमंत्री का पदभार रेवंत रेड्डी ने संभाला,पहली कैबिनेट बैठक की

हैदराबाद,8 दिसंबर (युआईटीवी)- तेलंगाना के मुख्यमंत्री का पदभार नए मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने संभाला और सचिवालय में राज्य मंत्रिमंडल की पहली बैठक भी शुरू की। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और 11 अन्य मंत्री सम्मिलित हुए।

एल.बी. स्टेडियम में अनुमुला रेवंत रेड्डी ने मुख्यमंत्री पद का शपथ लिया। राज्य सचिवालय में शपथ के बाद मंत्रियों के साथ पहुँचकर उन्होंने छठी मंजिल पर स्थित अपने कार्यालय में कार्यभार संभाला।

पुजारियों के एक समूह द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री अनुमुला रेवंत रेड्डी ने अपनी पत्‍नी के साथ पूजा की। मुख्यमंत्री की कुर्सी पर जब वे बैठे तो पुरोहितों ने उन्हें आशीर्वाद दिया। उसके बाद उन्होंने कुछ फाइलों पर हस्ताक्षर किए। ये फाइल मुख्य सचिव शांति कुमारी और अन्य शीर्ष अधिकारियों द्वारा लाया गया था।

रेवंत रेड्डी के आगमन पर सचिवालय कर्मचारियों और अधिकारियों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। रेवंत रेड्डी ने कांग्रेस के सत्ता में आने के पश्चात घोषणा की थी कि आम लोगों के लिए सचिवालय के दरवाजे खुले रहेंगे।

30 अप्रैल को नए सचिवालय परिसर का उद्घाटन किया गया था। नया सचिवालय परिसर अद्वितीय डिजाइन से निर्मित किया गया है,जो अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और सात लाख वर्ग फुट में यह इमारत बनी है। छठी मंजिल पर अपने कक्ष में एक कुर्सी पर बैठकर तत्कालीन मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने परिसर का उद्घाटन किया था।

इस सचिवालय परिसर में मुख्यमंत्री, मंत्रियों, मुख्य सचिव और अन्य सभी सचिवों और विभागों के प्रमुखों के कार्यालय हैं। डॉ. बी.आर. अंबेडकर के नाम पर इस एकीकृत परिसर का नाम डॉ. बी.आर. अम्बेडकर तेलंगाना राज्य सचिवालय रखा गया था। यह सचिवालय छह मंजिली है और इसके निर्माण में 600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च हुई है। आमजन का प्रवेश इस सचिवालय परिसर में प्रतिबंधित है। इस परिसर में मीडियाकर्मियों को भी जाने की अनुमति नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *