बंदूक

अमेरिकी राज्य मेन में बंदूकधारी ने 22 लोगों को मार डाला,संदिग्‍ध की हुई पहचान

वाशिंगटन,26 अक्टूबर (युआईटीवी)- संयुक्त राज्य अमेरिका के लेविस्टन, मेन में सामूहिक गोलीबारी की दो घटनाएँ हुई। इस गोलीबारी में 22 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 50 से 60 अन्य लोगों की घायल होने की खबर है। इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी की दोनों घटनाओं में शामिल संदिग्‍ध में से एक की पहचान हो गई है।

लेविस्टन पुलिस विभाग की ओर से एक बयान जारी कर बताया गया कि संदिग्‍ध की पहचान 40 वर्षीय रॉबर्ट कार्ड के रूप में हुई है। जो अभी फरार है और रॉबर्ट कार्ड की खोज में पुलिस लगी हुई है। रॉबर्ट कार्ड स्कीमेंजीस बार और स्पेयरटाइम रिक्रिएशन में गोलीबारी करने का संदिग्‍ध है। लेविस्टन,मेन पुलिस विभाग ने गोलीबारी में शामिल संदिग्ध की तस्वीर भी जारी की है।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों घटनास्‍थल एक दूसरे से 6.5 किमी की दूरी पर हैं।

मेन स्टेट पुलिस ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि करते हुए एक पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शेयर कर कहा कि, ” एक सक्रिय शूटर लेविस्टन में है। हम लोगों से आग्रह करते हैं कि अपने बचाव के लिए घर के अंदर ही रहे। अपने घर के दरवाजे बंद करके रखे।

इस बीच एक संदिग्ध की दो तस्वीरें एंड्रोस्कोगिन काउंटी शेरिफ कार्यालय के माध्यम से जारी किया गया है। इस तस्वीर में संदिग्ध ने भूरे रंग के स्वेटर पहना हुआ है। वह दाढ़ी रखा हुआ है और एक इमारत में बंदूक लेकर अंदर की ओर प्रवेश कर रहा है।

फेसबुक पोस्ट में एंड्रोस्कोगिन काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा कि, ” पुलिस दोनों घटनाओं की जाँच में लगी हुई है। ”

एक सफेद वाहन की तस्वीर साझा करते हुए पुलिस ने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस वाहन का अगला बम्पर काले रंग से रंगा हुआ है।

इस सामूहिक गोलीबारी की घटना के बाद जिले के स्कूल को बंद करने की घोषणा की गई। लेविस्टन पब्लिक स्कूल के अधीक्षक जेक लैंगलाइस ने यह घोषणा की।

स्थिति पर नजर रखने की जानकारी सचिव एलेजांद्रो मयोरकास को दे दी गई है,जिसकी जानकारी डिपाॅर्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (डीएचएस) के एक बयान के माध्यम से दिया गया। इसमें बताया गया कि लेविस्टन समुदाय का समर्थन करने के लिए संघीय, राज्य और स्थानीय भागीदारों के साथ डिपाॅर्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (डीएचएस) मिलकर काम कर रहा है।

न्याय विभाग ने कहा कि राज्य और स्थानीय कानून प्रवर्तन में संघीय एजेंसियाँ सहयोग दे रही है।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस ने कहा कि इस घटना की जानकारी राष्ट्रपति जो बाइडेन को दे दी गई है,जिसके बाद राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कई मेन सांसदों से इस मुद्दे पर फोन पर बात की। राष्ट्रपति ने
व्यक्तिगत रूप से फोन पर मेन के गवर्नर जेनेट मिल्स, सीनेटर एंगस किंग और सुसान कोलिन्स और कांग्रेसी जेरेड गोल्डन से बात की। इस भयानक गोलीबारी के मद्देनजर उन्होंने पूर्ण संघीय समर्थन और सहयोग की बात की।

पोर्टलैंड,मेन से करीब 35 मील उत्तर में लेविस्टन शहर स्थित है। इस शहर में लगभग 38,000 लोग निवास करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *