68 सदस्यीय हिमाचल विधानसभा में कांग्रेस 40 सीटों के करीब

शिमला, 8 दिसंबर (युआईटीवी/आईएएनएस)- हिमाचल प्रदेश विधानसभा की 68 सीटों में से 38 में बढ़त बनाकर भाजपा से काफी आगे निकल गई है। भाजपा 21 सीटों पर आगे चल रही है और चार सीटें जीत चुकी है। दोपहर 2 बजे तक कांग्रेस ने दो सीटों पर जीत हासिल की। अपनी शिमला (ग्रामीण) सीट बरकरार रखने वाले कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने कहा, हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे.. वह (प्रतिभा सिंह) मुख्यमंत्री पद की दावेदारों में से एक हैं।

हालांकि, राज्य पार्टी प्रमुख प्रतिभा सिंह ने चुनाव नहीं लड़ा है।

हिमाचल प्रदेश ने पिछले लगभग चार दशकों में किसी भी मौजूदा सरकार को सत्ता में वापस नहीं लौटाया है।

सत्तारूढ़ भाजपा वोटों की शुरूआती गिनती में 33 सीटों पर आगे चल रही थी, लेकिन धीरे-धीरे नीचे आ गई। निर्दलीय तीन सीटों पर आगे चल रहे हैं, सभी भाजपा के बागी हैं।

57 वर्षीय मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर मंडी जिले में अपने गढ़ सिराज से जीते हैं। कांग्रेस के प्रमुख नेता मुकेश अग्निहोत्री (60) और सुखविंदर सुक्खू (58) हरोली और नादौन सीटों से आगे चल रहे हैं।

विधानसभा चुनाव में पहली बार मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी (आप) चुनाव से काफी पहले राज्य से गायब हो गई थी और इसके नेता गुजरात में अपने वोट बैंक को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करने लगे।

आप ने 67 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और अभी तक उनका खाता नहीं खुला है।

मंडी जिले की सुंदरनगर सीट पर भाजपा के राकेश जम्वाल ने कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 8,125 मतों से हराकर अपनी सीट बरकरार रखी है।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंडी जिले के सिराज से 20,425 मतों (76.97 प्रतिशत मतों) के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की। यह राज्य में किसी भी मुख्यमंत्री की जीत का अब तक का सबसे बड़ा अंतर है। उन्हें 33,256 वोट मिले।

मंडी जिले की 10 में से नौ सीटों पर बीजेपी आगे चल रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने सभी नौ सीटों पर जीत हासिल की थी।

नूरपुर सीट पर भाजपा के रणबीर सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार अजय महाजन को 18,752 मतों से हराया।

प्रदेश की राजधानी में कांग्रेसियों द्वारा जश्न की शुरूआत मिठाइयां बांटकर की गई।

हमीरपुर जिले में अपनी सीट नादौन से आगे चल रहे नेता सुखविंदर सुक्खू ने कहा, कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।

हार को भांपते हुए, भाजपा ने राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को घटनाक्रम देखने और नालागढ़ में केएल ठाकुर और देहरा में होशियार सिंह सहित बागियों के साथ बातचीत करने के लिए शिमला भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *