चेन्नई,28 नवंबर (युआईटीवी)- बंगाल की खाड़ी में उठने वाला चक्रवात ‘फेंगल’ तमिलनाडु तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है और अगले एक से दो दिनों में यह तट को प्रभावित कर सकता है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, यह चक्रवात दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव से विकसित हो रहा है। इसके चलते तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है और चेतावनी जारी कर दी गई है।
आईएमडी ने बताया कि यह दबाव त्रिंकोमाली से लगभग 110 किमी पूर्व-उत्तरपूर्व में स्थित है और उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। यह अगले 12 घंटों के भीतर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। अनुमान है कि 30 नवंबर की सुबह तक यह कराईकल और महाबलीपुरम के बीच उत्तर तमिलनाडु और पुदुचेरी तटों को एक गहरे दबाव के रूप में पार करेगा।
चक्रवात के दौरान 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएँ चल सकती हैं, जिसके 70 किमी/घंटा तक पहुँचने की संभावना है। इसके साथ ही,भारी से बहुत भारी बारिश होने की भी चेतावनी भी जारी की गई।
चेन्नई और उसके आसपास के जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है,जबकि डेल्टा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। डेल्टा क्षेत्र के कुड्डालोर और मयिलादुथुराई में 24.4 सेमी से अधिक बारिश हो सकती है। इसके अलावा, कांचीपुरम,विल्लुपुरम,चेंगलपेट तथा पुडुचेरी में 24 सेमी तक बारिश होने की संभावना है।
इससे पहले ही चेंगलपेट,कांचीपुरम,कडलूर,तिरुवल्लुर,मयिलादुथुरै और नागपट्टिनम में भारी बारिश शुरू हो चुकी है। बारिश के चलते इन जिलों में बुधवार को स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 17 टीमें तैनात की गई हैं। नौसेना को भी अलर्ट पर रखा गया है।
चक्रवात के चलते तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटवर्ती क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मूसलाधार बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं के कारण बाढ़ और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
सरकार और प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा,भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण ट्रैफिक और बिजली आपूर्ति में बाधा पड़ने की संभावना है।
चक्रवात ‘फेंगल’ के कारण तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन और राहत एजेंसियाँ सतर्क हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। नागरिकों को सतर्कता बरतने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
