crime

दिल्ली के लाजपत नगर में डबल मर्डर: माँ-बेटे की गला रेत कर हत्या,घरेलू सहायक गिरफ्तार

नई दिल्ली,3 जुलाई (युआईटीवी)- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड से दहल उठी है। लाजपत नगर-1 में एक महिला और उसके 14 वर्षीय बेटे की निर्मम तरीके से गला रेत कर हत्या कर दी गई। यह वारदात बुधवार रात हुई,जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

हत्या की शिकार महिला की पहचान 42 वर्षीय रुचिका सेवानी और उनके बेटे कृष सेवानी (14 वर्ष) के रूप में हुई है। रुचिका अपने पति कुलदीप सेवानी के साथ लाजपत नगर मार्केट में एक गारमेंट की दुकान चलाती थीं। कृष कक्षा 10वीं का छात्र था। यह परिवार लाजपत नगर-1 के एक मकान में रहता था। हत्या के समय पति कुलदीप घर पर मौजूद नहीं थे।

दिल्ली पुलिस को इस हत्याकांड की जानकारी बुधवार रात करीब 9:45 बजे मिली। कुलदीप सेवानी ने पुलिस को फोन कर बताया कि उनकी पत्नी और बेटा फोन नहीं उठा रहे हैं और घर का दरवाजा अंदर से बंद है। उन्होंने यह भी बताया कि गेट और सीढ़ियों पर खून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और जबरन दरवाजा खोला गया। अंदर का नजारा दिल दहला देने वाला था। माँ और बेटे के शव घर के भीतर खून से लथपथ हालत में पड़े थे और दोनों का गला रेतकर निर्ममता से हत्या की गई थी।

पुलिस ने तुरंत दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मौके की फोरेंसिक जाँच शुरू की गई।

घटना की शुरुआती जाँच में पुलिस को शक हुआ कि हत्या के पीछे कोई परिचित व्यक्ति हो सकता है,क्योंकि घर में जबरन घुसने के कोई निशान नहीं थे। जाँच के दौरान पुलिस को घर के सहायक मुकेश की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली, जो घटना के बाद से गायब था।

मुकेश,जिसकी उम्र 24 वर्ष है,मूल रूप से बिहार के हाजीपुर का रहने वाला है और वह दिल्ली के अमर कॉलोनी में किराये पर रह रहा था। वह पिछले कुछ समय से रुचिका सेवानी की गारमेंट दुकान पर सहायक के तौर पर काम कर रहा था और परिवार के करीबी लोगों में शामिल माना जाता था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई में मुकेश को घटना के कुछ ही घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया गया। वह दिल्ली से फरार होने की कोशिश कर रहा था,तब पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के समय वह बहुत घबराया हुआ था और अपने मोबाइल फोन को बंद करके भागने की फिराक में था।

पुलिस को शक है कि हत्याकांड के पीछे व्यक्तिगत रंजिश,चोरी की मंशा या कोई आपसी विवाद हो सकता है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की असल वजह जानने के लिए पुलिस तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों की मदद ले रही है।

घटना के बाद लाजपत नगर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग यह सोचकर भयभीत हैं कि एक घरेलू सहायक,जिसे परिवार ने भरोसे के साथ अपने घर में आने-जाने की अनुमति दी थी,वही हत्यारा निकला। कई लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और पुलिस से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की माँग की है।