नई दिल्ली, 30 अगस्त (युआईटीवी/आईएएनएस)- कर्नाटक की दिव्या टीएस ने यहां डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में हरियाणा की रिदम सांगवान के खिलाफ स्वर्ण पदक मैच में 16-12 से जीत के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल टी6 राष्ट्रीय निशानेबाजी का ट्रायल अपने नाम किया। हालांकि, रिदम ने यूथ और जूनियर महिला एयर पिस्टल दोनों टी6 ट्रायल जीते और एक शानदार दिन पर अच्छा प्रदर्शन किया।
उत्तर प्रदेश की नेहा ने महिला एयर पिस्टल में 582 के स्कोर के साथ 283 खिलाड़ियों के क्वालीफाइंग राउंड में शीर्ष स्थान हासिल किया था, जबकि दिव्या और रिदम क्रमश: 576 और 575 के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रही थीं।
जूनियर महिला फाइनल में, रिदम ने यूपी की दीवांशी धामा को 16-8 से हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि यूथ फाइनल में, उन्होंने यूपी की एक और शूटर मानसी आनंद को 16-2 से हराकर डबल जीत दर्ज की।
