रियो पैरालम्पिक के स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन सहित आठ लोग टोक्यो पहुंचे

नई दिल्ली, 18 अगस्त (युआईटीवी/आईएएनएस)| ऊंची कूद एथलीट मरियप्पन थंगावेलु दो अन्य पैरा एथलीटों और छह सहायक स्टाफ पैरालम्पिक के लिए बुधवार को टोक्यो पहुंच गए। भारत ने पैरालम्पिक शुरू होने से कुछ दिन पहले ही टोक्यो के लिए अपना पहला जत्था भेजा है। मरियप्पन जिन्होंने रियो में स्वर्ण पदक जीता था, वह टोक्यो में भारत के ध्वजावाहक होंगे।

मरियप्पन के साथ डिस्कस थ्रोअर विनोद कुमार और पुरुष भाला फेंक एथलीट तेक चंद भी टोक्यो पहुंच गए हैं।

टोक्यो रवाना होने से पहले भारतीय दल को केंद्रिय युवा मामले एंव खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) और भारतीय पैरालम्पिक समिति (पीसीआई) के सदस्यों ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदाई दी।

गत 17 अगस्त को भारतीय दल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की थी जहां उन्होंने जीवन में इतनी सारी बाधाओं को पार करने के लिए पैरा एथलीटों की सराहना की।

भारत ने टोक्यो पैरालम्पिक में अपना सबसे बड़ा दल भेजा है जिसमें 54 एथलीट भाग लेंगे। टोक्यो पैरालम्पिक का आयोजन 24 अगस्त से पांच सितंबर तक चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *