भारतीय चुनाव आयोग

चुनाव आयोग महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज करेगा ऐलान,पूरा शेड्यूल 3:30 बजे आ जाएगा

नई दिल्ली,15 अक्टूबर (युआईटीवी)- महाराष्ट्र और झारखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की तारीखों का आज ऐलान होने जा रहा है। चुनाव आयोग ने दोपहर 3:30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें दोनों राज्यों के चुनाव शेड्यूल की घोषणा की जाएगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में नामांकन,नाम वापस लेने की तारीखों के साथ ही मतदान और परिणामों की तारीखें भी साझा की जाएँगी।

महाराष्ट्र और झारखंड में चुनाव से पहले चुनाव से जुड़े सभी तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं। चुनाव आयोग की टीम ने हाल ही में दोनों राज्यों का दौरा कर चुनावी तैयारियों का निरीक्षण किया था। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश (यूपी) में 10 सीटों पर होने वाले उपचुनावों की तारीखों का भी ऐलान किए जाने की संभावना है।

महाराष्ट्र विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है। राज्य की 288 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने वाले हैं और मुख्य मुकाबला महा विकास अघाड़ी और महायुति के बीच होगा। महा विकास अघाड़ी में कांग्रेस, शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी और शिवसेना (यूबीटी) शामिल हैं। वहीं, महायुति में बीजेपी, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी शामिल हैं।

झारखंड विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 5 जनवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। यहाँ पर सभी पार्टियों ने चुनाव के लिए कमर कस ली हैं। झारखंड में 81 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होगा। सभी 81 विधानसभा सीटों पर नेता प्रचार में जुटे हुए हैं।
चुनाव आयोग ने हाल ही में राज्य का दौरा कर चुनाव तैयारियों की समीक्षा की है। झारखंड के राजनीतिक दलों ने दीवाली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग से तारीखों की गुजारिश की थी, जिससे चुनाव की तारीखों के निर्धारण में इसका ध्यान रखा जाएगा। इंडिया गठबंधन तथा एनडीए के बीच यहाँ पर सीधा मुकाबला है। यहाँ पर पिछली बार 2019 में चुनाव हुए थे। पिछले चुनावों में झारखंड में 5 चरणों में मतदान हुआ था, इसलिए इस बार भी चरणबद्ध चुनाव की संभावना जताई जा रही है। पिछले चुनाव में महागठबंधन की जीत के बाद हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बने थे।

चुनाव आयोग महाराष्ट्र और झारखंड के साथ ही यूपी में 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों की तारीखों का भी ऐलान कर सकता है। इन सीटों में मैनपुरी की करहल,सीसामऊ,फूलपुर,मिर्जापुर की मझवां,अयोध्या की मिल्कीपुर, गाजियाबाद सदर,मुजफ्फरनगर की मीरापुर, मुरादाबाद की कुंदरकी और अन्य सीटें शामिल हैं।

इन चुनावों के साथ, राजनीतिक दलों के बीच रणनीतिक गठबंधन और सीट बँटवारे को अंतिम रूप दिया जा रहा है।