यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की

यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा के इस्तीफे के बाद चार मंत्री बर्खास्त

कीव, 5 सितंबर (युआईटीवी)- यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया और उसके बाद चार मंत्रियों को यूक्रेन की संसद ने बर्खास्त कर दिया है।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के रिपोर्ट के मुताबिक,यूरोपीय और यूरो-अटलांटिक एकीकरण के लिए सांसदों ने उप प्रधान मंत्री ओल्हा स्टेफनिशिना,न्याय मंत्री डेनिस माल्युस्का,सामरिक उद्योग मंत्री ऑलेक्जेंडर कामिशिन तथा पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधन मंत्री रुस्लान स्ट्रेलेट्स को बर्खास्त करने के लिए मतदान किया।

बुधवार को इस्तीफा दिए विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा की बर्खास्तगी पर संसद ने विचार नहीं किया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कैबिनेट के फेरबदल के उद्देश्यों पर कहा कि यूक्रेन को विभिन्न चरणों में मजबूत करने के लिए यह किया जा रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर संसद के अध्यक्ष रुस्लान स्टेफानचुक ने लिखा कि,बुधवार को विदेश मंत्री दिमित्रो कुलेबा ने अपना इस्तीफा पत्र संसद को सौंप दिया। रुस्लान स्टेफानचुक ने विदेश मंत्री के इस्तीफे पर कहा कि संसद दिमित्रो कुलेबा के आवेदन पर निकटतम पूर्ण सत्र में किया जाएगा। मार्च 2020 में 43 वर्षीय कुलेबा को यूक्रेन का विदेश मंत्री नियुक्त किया गया था।

कैबिनेट के 50 प्रतिशत से अधिक स्टाफ के बदले जाने के बारे में सर्वेंट ऑफ द पीपल पार्टी के संसदीय गुट के नेता डेविड अराखामिया ने टेलीग्राम पर जानकारी दी थी।

इस मुद्दे पर राष्ट्रपति जेलेंस्की ने आयरिश प्रधानमंत्री साइमन हैरिस के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में अपनी राय रखी और कहा कि उन्हें नहीं पता है कि सरकार में उम्मीदवार के शामिल होने के उनके प्रस्ताव को स्वीकार किया जाएगा या नहीं,इसलिए वह किसी प्रतिस्थापन (रिप्लेसमेंट ) की घोषणा नहीं कर सकते हैं।

‘डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ’ रोस्टीस्लाव शुरमा जो अर्थव्यवस्था को संभालने का कार्य करते थे,उन्हें भी बर्खास्त कर दिया गया है और इसकी जानकारी राष्ट्रपति की वेबसाइट से प्राप्त हुआ है। कुलेबा के इस्तीफे पर संसद सत्र के खत्म होने के बाद भी विचार नहीं किया गया।

रूसी सेना के युद्ध के कारण पूर्वी मोर्चे पर आगे बढ़ने के समय में यूक्रेन के संसद में यह महत्वपूर्ण बदलाव हो रहे हैं। इस महीने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की एक प्रमुख सहयोगी अमेरिका की यात्रा पर जाने वाले हैं और वहाँ वे अपनी ‘जीत की योजना’ के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से बातचीत कर सकते हैं।

रूस द्वारा फरवरी 2022 में आक्रमण के शुरुआत करने बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कई फेरबदल करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने पिछले सितंबर में अपने रक्षा मंत्री को भ्रष्टाचार के कई घोटालों के कारण बर्खास्त कर दिया था और हाल ही में उन्होंने सेना के शीर्ष कमांडर को युद्ध में असफलताओं के बाद हटा दिया था।

इस साल की शुरुआत में कई मंत्रियों को उनके पद से बर्खास्त कर दिया और कई मंत्रियों ने इस्तीफ़ा भी दिया है,जिसके बाद कम-से-कम पाँच विभाग खाली हो गए हैं। खाली विभागों में कृषि और इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे महत्वपूर्ण विभाग भी शामिल हैं।

विपक्षी विधायक इरीना हेराशचेंको ने इस मामले पर कहा कि यह सरकार बिना मंत्रियों की सरकार है। उन्होंने ऐसी सरकार का आह्वान किया है,जो राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पित हो,जो सत्ता की बागडोर पर जेलेंस्की की राजनीतिक टीम की कड़ी पकड़ को खत्म कर दे।

मई 2024 में राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का कार्यकाल समाप्त हो गया था,लेकिन यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू होने के वजह से वे अपने पद पर बने हुए हैं।